-
Advertisement
पंडोह के 6 मील के पास व्यास नदी में गिरी गोभी से लदी जीप, चालक लापता; सर्च ऑपरेशन जारी
Mandi Accident: मंडी जिले में पंडोह के पास 6 मील नामक स्थान पर एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। लाहुल से पंजाब की ओर गोभी लेकर जा रही एक पिकअप जीप (नंबर: HP 66A 6528) बीती देर रात अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नदी में जा गिरी। हादसे में कांढ़ी गांव निवासी चालक रमेश चंद पुत्र जगत राम लापता हैं, जिनकी तलाश में प्रशासन और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम जुटी हुई है।
हणोगी के पास हुई थी आखिरी बात
जानकारी के अनुसार, चालक रमेश चंद लाहुल से गोभी लादकर पंजाब की मंडी के लिए रवाना हुआ था। रात के समय हणोगी के पास उसकी व्यापारी (आढ़ती) से फोन पर बात हुई थी, जिसमें रमेश ने बताया था कि उसने हणोगी क्रॉस कर लिया है और वह सुबह तक पंजाब पहुंच जाएगा। हालांकि, रात करीब 10 से 11 बजे के बीच 6 मील के पास गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसकी भनक उस वक्त किसी को नहीं लग सकी।
फोन लोकेशन से लगा हादसे का सुराग
घटना का खुलासा तब हुआ जब जीप सुबह निर्धारित समय पर पंजाब नहीं पहुंची। आढ़ती ने रमेश चंद के मोबाइल पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की। फोन लगातार बजता रहा, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद आढ़ती ने रमेश के छोटे भाई बालक राम को सूचित किया। परिजनों ने तुरंत पंडोह पुलिस चौकी से संपर्क साधा। पुलिस ने तकनीक का सहारा लेते हुए मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की, जो 6 मील के पास मिली।
झाड़ियों में बिखरी मिली गोभी, नदी में डूबा जीप का हिस्सा
जब पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि जीप का एक हिस्सा पानी में समा चुका था, जबकि गाड़ी में लदी गोभी और जीप के कुछ अवशेष नदी किनारे झाड़ियों में बिखरे पड़े थे। घटनास्थल से ही लापता चालक का मोबाइल फोन और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद कर लिया गया है।
सर्च ऑपरेशन जारी
हादसे की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा, एसएचओ सदर सुनील और पंडोह चौकी प्रभारी अशोक पठानिया की अगुवाई में पुलिस व SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही टीमों को मौके पर भेज दिया गया था। लापता चालक रमेश चंद को तलाशने के लिए देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया, जिसे आगे भी जारी रखा जा रहा है।
संजू चौधरी
