- Advertisement -
शिमला। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर (Kuldeep Rathore) ने जयराम सरकार को नगर निगम के चुनाव (Municipal Corporation election) पार्टी सिंबल पर करवाने की चुनौती दी है। उन्होंने दो टूक कहा कि अगर बीजेपी में हिम्मत है तो नगर निगम के चुनाव पार्टी चिन्ह पर करवाकर देखें, सब पता चल जाएगा। वहीं, सीएम जयराम ठाकुर ने भी कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर की चुनौती का जवाब दिया है। शिमला में जब मीडिया से बातचीत में सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) से इस बारे सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि जब नगर निगम चुनाव आएंगे इस पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव भी पार्टी सिंबल (Party Symbol) पर हुए हैं। लोकसभा चुनाव में सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में बीजेपी को जीत मिली है और बीजेपी ने उपचुनाव भी जीता है।
वहीं, नगर परिषद और नगर पंचायत के चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी (Congress Party) ने सीएम जयराम ठाकुर के गृह जिले मंडी, शिमला, कांगड़ा, चंबा, ऊना और सोलन जिले में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों की जीत का दावा किया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि नगर निकाय के चुनाव में कांग्रेस पार्टी को बीजेपी से ज्यादा समर्थन मिला है। साथ ही नगर निकायों के चुनाव के नतीजे आने के बाद जोड़तोड़ की राजनीति करने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि सरकार ने पंचायती राज चुनाव को सुनियोजित तरीके से प्रभावित किया है। पहले रोस्टर को प्रभावित किया गया और बीजेपी (BJP) मंडल ने जो लिस्ट दीपकमल से भेजी उसी पर सरकार ने अमल में लाया है। स्थानीय निकायों के चुनाव पिछले कल हुए जिनके परिणाम देर रात्रि तक आए, जिसके बाद बीजेपी के नेताओं ने गलत जानकारी देना शुरू कर दी। 70 प्रतिशत से ज्यादा सीटों पर काबिज होने की गलत जानकारी दी जा रही है। राठौर ने कहा कि रामपुर, ठियोग, नारकंडा व चौपाल नगर पंचायत में बीजेपी का सूपड़ा साफ हो गया है। शिमला में कांग्रेस 8 में से 6 और जोगिंद्रनगर में पूर्ण बहुमत से जीते हैं। इसी तरह जहां कांग्रेस की हार हुई है, वह कम अंतर से हुई है।
- Advertisement -