-
Advertisement
छोटी काशी में राज माधव राय मंदिर से बाबा भूतनाथ मंदिर तक निकाली लघु जलेब
Mahashivratri: छोटी काशी मंडी में महाशिवरात्रि (Mahashivratri) पर्व पर मंदिरों में भारी भीड़ उमड़ी हुई है। मंडी में अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव (International Shivratri Festival ) के विधिवत शुभारंभ होने से एक दिन पहले महाशिवरात्रि पर्व पर आज लघु जलेब निकाली गई।

इस लघु जलेब में तीन देवरथों सहित पुलिस बैंड, पुलिस और होमगार्ड की टुकड़ियों ने भाग लिया। राज माधव राय मंदिर से पूरे गाजे-बाजे के साथ यह जलेब बाबा भूतनाथ मंदिर तक आई। जहां डीसी मंडी अपूर्व देवगन (DC Mandi Apoorv Devgan)ने बाबा भूतनाथ की विधिवत पूजा अर्चना करके यहां हवन यज्ञ में पूर्णाहूति डाली और जिलावासियों की सुख, शांति व समृद्धि की कामना की।

डीसी मंडी ने राज माधव राय मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद हवन किया और इसके बाद टारना स्थित देव कमरूनाग के पास जाकर विधिवत पूजा अर्चना की। जाहिर है सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhwinder Singh Sukhu) कल यानी गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर नगर निगम महापौर विरेंद्र भट्ट एवं पार्षदगण, सर्व देवता समाज समिति के प्रधान शिव पाल शर्मा व समिति के अन्य प्रतिनिधि तथा नगरवासी उपस्थित रहे।

डीसी अपूर्व देवगन ने सभी लोगों को महा शिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए मंडी के अंतरराष्ट्रीय मेले में पधारने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि मंडी शिवरात्रि को हम विशेष तौर से देव संस्कृति और यहां की समृद्ध परंपराओं को प्रमुखता देते हुए मना रहे हैं। 27 फरवरी से 5 मार्च तक के इस आयोजन में देवी-देवताओं, उनसे जुड़ी पवित्र परंपराओं और समृद्ध देव संस्कृति से आम जनता को जोड़ने पर खास जोर रहेगा ।डीसी ने कहा कि हमारा प्रयास है कि देव आस्था का यह महा समागम देव संस्कृति को और मजबूती देने में सहायक हो । युवा पीढ़ी का इससे जुड़ाव और गहरा हो। इसके लिए सभी परंपराओं का पूरी श्रद्धा से निर्वहन करते हुए इनमें जनता की भागीदारी तय बनाने पर खास ध्यान दिया गया है।
