-
Advertisement
किरतपुर-मनाली फोरलेन पर भूस्खलन से आवाजाही बंद, किन्नौर में एनएच 5 अवरुद्ध, 5 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट
Himachal Weather: हिमाचल में मानसून की बारिश का दौर है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के चलते मलबा गिरने से सड़कें अवरुद्ध है। जिसके चलते आवाजाही पर असर पड़ा है। किरतपुर-मनाली फोरलेन पर समलेटू के समीप पहाड़ी से पत्थर गिरे हैं। जिससे यहां पर मार्ग बंद है।

पंडोह डैम के पास अचानक पहाड़ी से मलबा गिरने से एक बड़ा हादसा हो गया। एक पंजाब नंबर की गाड़ी जैसे ही उस स्थान से गुजर रही थी, तभी अचानक ऊपर से भारी मलबा गिरा, जिसकी चपेट में आकर गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत रही कि इस हादसे में चालक बाल-बाल बच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर चालक को गाड़ी से बाहर निकाला। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सड़क से मलबा हटाकर यातायात को बहाल किया गया। प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए यात्रियों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

सरकाघाट-धर्मपुर मार्ग पर पाडछू में मलबा गिरा है और ये मार्ग यातायात के लिए बंद हो गया है। यहां पर भी वाहनों में यात्री फंसे हैं। किन्नौर में रात को हल्की बारिश के बाद पागल नाला व रुनंग नाले में बाढ़ आने से एनएच 5 अवरुद्ध हो गया है। सड़क के दोनों तरफ वाहनों कि लंबी कतार लगी है।
https://twitter.com/himachal_abhi/status/1951150875969241560
हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
प्रदेश के मनाली में सुबह से बारिश हो रही है। जबकि मौसम विभाग ने 5 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। इनमें कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर शामिल हैं। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि आने वाले दिनों में भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है। वहीं प्रदेश में बीते 3 दिन की भारी बारिश से 289 सड़कें और 346 बिजली के ट्रांसफॉर्मर बंद पड़े हैं। ऐसे में मानसून थोड़ा कमजोर पड़ने के बाद आज से इन सड़कों व बिजली की बहाली के काम में तेजी आएगी।
जीवन कुमार

