-
Advertisement
कांग्रेस MLA सुजान सिंह पठानिया का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, बेटे ने दी मुखाग्नि
Last Updated on February 13, 2021 by
फतेहपुर। कांग्रेस विधायक (Congress MLA) सुजान सिंह पठानिया (Sujan Singh Pathania)का अंतिम संस्कार आज उनके पैतृक गांव मझार में राजकीय सम्मान से किया गया। उनके बेटे भिवानी पठानिया ने मुखाग्नि दी। बीजेपी-कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं सहित भारी संख्या में पहुंचे लोगों ने उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। पठानिया का शुक्रवार को निधन हो गया था। वह पिछले लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। पठानिया के अंतिम संस्कार में प्रदेश सकार की तरफ से कैबिनेट मंत्री राकेश पठानिया और बिक्रम ठाकुर भी पहुंचे हुए थे।
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर, पूर्व मंत्री जीएस बाली, पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा, पूर्व मंत्री चौधरी चंद्र कुमार, पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू, विधायक विक्रमादित्य, विधायक पवन काजल, पूर्व मंत्री विप्लव ठाकुर, कांग्रेस नेत्री आशा कुमारी, यादवेंद्र गोमा, पूर्व विधायक अजय महाजन, कांग्रेस नेता केवल सिंह पठानिया, पूर्व सांसद डॉ. राजन सुशांत, पूर्व राज्यसभा सदस्य कृपाल परमार, जवाली के विधायक अर्जुन सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. हरबंस राणा, डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापित और एसपी विमुक्त रंजन सहित काफी संख्या में कांग्रेस व बीजेपी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सुजान सिंह पठानिया को अंतिम विदाई दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की।
इससे पहले पठानिया के निवास स्थान से 11 बजे जब उनकी अंतिम यात्रा निकली तो लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व मंत्री चौधरी चंद्र कुमार, जिला अध्यक्ष अजय महाजन व विधायक विक्रमदित्य सिंह ने कहा कि उनकी मौत से कांग्रेस को काफी क्षति हुई है, जिसकी पूर्ति कभी नहीं हो पाएगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक क्षेत्र में उनको युगों-युगों तक याद किया जाता रहेगा।
वहीं, परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने कहा कि सुजान सिंह पठानिया की मौत से बीजेपी गमगीन है तथा राजनीति में उनका कोई सानी नहीं था। उन्होंने कहा कि सुजान सिंह पठानिया की मौत से राजनीतिक क्षेत्र को हानि हुई है, जिसकी पूर्ति कभी भी नहीं हो पाएगी।
यह भी पढ़ें: Uttarakhand Glacier Burst: हिमाचल से चमोली जाएगी अधिकारियों की टीम, आदेश जारी