-
Advertisement

बद्दी की फैक्ट्री में भीषण अग्निकांड, 30 मजदूरों को बाहर निकाला
Fire Incident: रविंद्र/बद्दी। हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी स्थित झाड़माजरी में हिलटॉप कंपनी में भीषण आग (Major Fire) लग गई है। यहां कॉस्मेटिक और परफ्यूम बनता था। जब आग लगी तो कुछ मजदूर अंदर फंस गए थे, उन में से कुछ मजदूर जान बचाने के लिए छत से कूद गए। 30 मजदूरों को अब तक बाहर निकाला जा चुका है। 25 मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 5 को पीजीआई रेफर किया गया है।भीषण अग्निकांड को देखकर आस-पास अफरा-तफरी मच गई है। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। फैक्ट्री से निकल रही आग की ऊंची ऊंची लपटें दूर से ही दिखाई दे रही हैं। वहीं, आग को देखते हुए आसपास की फैक्ट्रियां भी खाली करा दी गई हैं।
आसपास की फैक्ट्रियों को खाली कराया
एनडीआरएफ और करीब 13 फायर टेंडर आग बुझाने और रेस्क्यू में जुटे हुए हैं। मदद के लिए हरियाणा के पंचकूला स्थित चंडीमंदिर कैंट से आर्मी की टीम भी बद्दी बुलाई गई। आसपास की फैक्ट्रियों को खाली कराया गया है। सोलन के डीसी मनमोहन शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। मिसिंग लोगों की लिस्ट बनाई जा रही है। इसके बाद भवन के अंदर जाकर देखा जाएगा कि कोई अंदर जली हुई हालत में तो नहीं है।