-
Advertisement
हमीरपुर डिस्ट्रिक कोर्ट में बंदूक लेकर पहुंचा भोरंज का शख्स, पुलिस ने दबोचा
Hamirpur News: हमीरपुर डिस्ट्रिक कोर्ट परिसर में सुबह उस समय अफरी तफरी मच गई , जब एक व्यक्ति बंदूक लेकर कोर्ट परिसर में दाखिल हो गया। गनीमत यह रही कि मौके पर मौजूद पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को तुरंत दबोच लिया। इस घटना के बाद कोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा।फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और कोर्ट परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
डीएसपी के निर्देश पर तुरंत एक्शन
बताया जा रहा है कि जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त कोर्ट परिसर में डीएसपी (लीव रिजर्व) हरीश गुलेरिया भी मौजूद थे। बंदूकधारी व्यक्ति को संदिग्ध हालत में देखते ही उन्होंने तुरंत वहां तैनात पुलिस कर्मियों को उसे दबोचने के निर्देश दिए। सुरक्षा कर्मियों ने बिना कोई समय गंवाए मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उससे हथियार अपने कब्जे में ले लिया।
पत्नी के साथ चल रहा है केस
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी की पहचान रमन के रूप में हुई है, जो भोरंज इलाके का रहने वाला है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी रमन का हमीरपुर कोर्ट में अपनी पत्नी के साथ एक पारिवारिक केस विचाराधीन है। ऐसा अंदेशा जताया जा रहा है कि वह इसी मामले की रंजिश के चलते हथियार लेकर न्यायालय पहुंचा था।
मानसिक स्थिति और मकसद की हो रही जांच
एसपी हमीरपुर बलवीर ठाकुर ने पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ कानून और संबंधित नियमों के तहत सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।एसपी ने बताया कि पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी किस लक्ष्य और इरादे के साथ बंदूक लेकर कोर्ट परिसर में आया था। इसके साथ ही, इस पहलू की भी जांच की जा रही है कि व्यक्ति मानसिक रूप से पूरी तरह स्थिर है या नहीं।
अशोक राणा
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

