- Advertisement

कुल्लू मंजू शर्मा मामला: दोषियों पर कार्रवाई तय, दुखद घटना पर राजनीति ना करे विपक्ष-बोले गौतम ठाकुर
Kullu Manju Sharma case: वरिष्ठ कांग्रेस नेता गौतम ठाकुर ने कुल्लू और लाहौल-स्पीति के दशकों पुराने भाईचारे को बनाए रखने की पुरजोर वकालत की है। उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्रों के लोगों के बीच पिछले लगभग 80 वर्षों से आपसी भाईचारा, विश्वास और सौहार्दपूर्ण संबंध रहे हैं। ऐसे में एक दुखद घटना को आधार बनाकर इस सामाजिक सद्भाव को राजनीतिक लाभ के लिए प्रभावित करने का प्रयास कतई नहीं किया जाना चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई जारी, कानून पर रखें भरोसा
गौतम ठाकुर ने स्वर्गीय मंजू शर्मा की प्रसूति (डिलीवरी) के बाद हुई मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है। कुल्लू और लाहौल-स्पीति के लोग समान रूप से इस कठिन समय में दिवंगत मंजू शर्मा के परिवार के साथ खड़े हैं।उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ को निलंबित कर दिया है और मामले की उच्च स्तरीय जांच जारी है। कानून अपना काम कर रहा है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे सख्त सजा मिलेगी।
8 जुलाई को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाहें, सुरक्षा की मांग
गौतम ठाकुर ने सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे कुछ भ्रामक संदेशों पर गहरी चिंता व्यक्त की।सोशल मीडिया पर प्रचार किया जा रहा है कि 8 जुलाई को लगभग 40,000 लोगों को कुल्लू लाया जाएगा।उन्होंने कहा कि ऐसे संदेशों से आम नागरिकों में भय और तनाव का माहौल पैदा हो सकता है। इस स्थिति को देखते हुए उन्होंने प्रदेश के सीएम , मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP), उपायुक्त (DC) कुल्लू और पुलिस अधीक्षक (SP) कुल्लू से आग्रह किया है कि 8 जुलाई को जिले में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि कोई भी असामाजिक तत्व सांप्रदायिक या सामाजिक तनाव न फैला सके।
अस्पताल परिसर में विरोध-प्रदर्शन न करने की नसीहत
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए गौतम ठाकुर ने कहा कि उनसे अपेक्षा है कि वे कुल्लू आकर ऐसी राजनीति न करें जिससे वर्षों का सामाजिक सौहार्द बिगड़े। उन्होंने याद दिलाया कि अस्पताल परिसर में पहले से ही सैकड़ों मरीज और उनके परिजन मौजूद हैं। किसी भी विरोध-प्रदर्शन का स्वरूप ऐसा नहीं होना चाहिए जिससे अस्पताल की आपातकालीन व चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हों और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़े।
आरक्षण के मुद्दे पर BJP से रुख साफ करने की मांग
गौतम ठाकुर ने कहा कि यदि कुछ संगठन अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के आरक्षण के विरुद्ध अभियान चला रहे हैं, तो उन्हें लोकतांत्रिक माध्यम से अपनी बात नेता विपक्ष के जरिए केंद्र सरकार के समक्ष रखनी चाहिए। उन्होंने भाजपा से भी आग्रह किया कि वह इस विषय पर अपना आधिकारिक रुख जनता के सामने स्पष्ट करे, ताकि आरक्षित 16 विधानसभा सीटों और लाखों एससी, एसटी व ओबीसी समाज के बीच किसी प्रकार का भ्रम न रहे। उन्होंने पूर्वसीएम जयराम ठाकुर से सवाल किया कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने सिराज क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए क्या ठोस कदम उठाए? यदि समय रहते दूरदराज के क्षेत्रों में उच्च स्तरीय अस्पताल बने होते, तो आज मरीजों को दर-दर भटकने की आवश्यकता नहीं होती।
अफवाहों से दूर रहने की अपील
गौतम ठाकुर की अपील-इस संवेदनशील मामले में कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर और मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ को अनावश्यक रूप से विवाद में घसीटना गलत है। यह समय राजनीति का नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने और शांति बनाए रखने का है। प्रदेशवासी सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ पोस्ट से दूर रहें और प्रशासन का सहयोग करें।
तुलसी बाबा
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

