- Advertisement -
शिमला। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में अनुसूचित जाति विभाग की नव नियुक्त कार्यकारिणी की पहली बैठक को सम्बोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष राजेश लिलोठिया ने कहा कि क्या कारण है जो आज हिमाचल में अनुसूचित जाति के 17 हलकों में से कांग्रेस केवल चार हलकों में ही जीत पाई है। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही गम्भीर विषय है और इस पर चिंतन किया जाना चाहिए। बीजेपी ने हमेशा ही दलित समाज को वोट के तौर पर इस्तेमाल किया है। अनुसूचित लोग किसी की जागीर नहीं है।बाबा भीमराव अंबेडकर ने संविधान में दलित समाज के लिए जो समानता के अधिकार दे रखे हैं , उन्हें आज कहीं ना कहीं कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। लिलोठिया ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी में कार्यकारिणी के अंदर और अधिक प्रतिनिधित्व देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि उन्हें अपना अधिकार चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दलित समाज के विकास के लिये जो कार्य किये वह किसी से छिपे नहीं है। उन्होंने कहा कि आज बीजेपी दलित समाज को गुमराह कर अपना राजनीतिक हित साधने में लगी है जिससे लोगों को सचेत करने की बहुत ही आवश्यकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से एकजुटता के साथ पार्टी की मजबूती के लिये कार्य करने को कहा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उन्हें प्रदेश में बहुत ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कहा कि सभी पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी की मजबूती के लिये कार्य करना है।उन्होंने कहा कि आज बढ़ती महंगाई बेरोजगारी ऐसे मुद्दे है जिनको लेकर सभी को लोगों के बीच जाना है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस के महत्वपूर्ण संगठनों में अनुसूचित जाति विभाग भी बहुत ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उनके विभाग से कोई भी समस्या के लिये उनके दरवाजे हमेशा खुले है। पूर्व सीएम स्व वीरभद्र सिंह के सेवा भाव को आगे बढ़ाना ही उनका मुख्य उद्देश्य है।उन्होंने विभाग के पदधाधिकारियों को आश्वश्त किया कि उनके साथ कोई भी अन्याय सहन नही होगा। उन्होंने सभी का आह्वान किया कि इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों में सभी 17 आरक्षित हलकों में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए अभी से मैदान में डटने को कहा।
- Advertisement -