-
Advertisement
हिमाचल में आज भी जमकर बरस रहे मेघ, बर्फबारी से ठंड के आगोश में प्रदेश
शिमला। हिमाचल में मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए येलो अलर्ट (Yellow Alert) के बीच रविवार सुबह से शिमला सहित प्रदेश भर में जहां झमाझम बारिश का दौर है। वहीं रोहतांग, बारालाचा और सीबी रेंज की चोटियों पर ताजा बर्फबारी (Snowfall) हो रही है। इसके अलावा कुल्लू, चंबा, लाहुल स्पीति और किन्नौर जिला की चोटियां बर्फ से लकदक हो गई हैं। हिमाचल से मानसून (Mansoon) के विदा होने से पहले प्रदेश में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी से प्रदेश भर में ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग (Meteorological Center Shimla) की मानें तो कल यानी रविवार को भी प्रदेश कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं शिमला, सिरमौर, कांगड़ा, चंबा और मंडी जिला के कुछ क्षेत्रों में बाढ़ (Flood) आने की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम विभाग ने आगामी 28 सितम्बर तक प्रदेश भर में मौसम के खराब रहने की संभावना जताई है।
यह भी पढ़ें: चाबा पेयजल परियोजना हाउस के पास भारी भूस्खलन, पंप हाउस में घुसा पानी
बता दें कि हिमाचल में शनिवार को पूरा दिन बारिश का दौर जारी रहा। जिससे लोगों का जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। बारिश के चलते किन्नौर और कुल्लू जिला में सेब तुड़ान का कार्य भी रूक गया। वहीं जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति में आलू की खुदाई का काम प्रभावित हुआ। बारिश (Rain) के चलते सड़क मार्ग बंद होने से बागवानों को सेब की सप्लाई मंडियों तक पहुंचाने में भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मनाली.लेह मार्ग पर हो रही बर्फबारी के चलते जिला प्रशासन ने 24 घंटे की आवाजाही की जगह मात्र छह घंटे सुबह 9:00 से दोपहर 3:00 बजे तक वाहनों को जाने की मंजूरी दी है। शनिवार को हुई बारिश ने प्रदेश की 69 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप कर दी।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

