-
Advertisement
हिमाचल में बारिश कहर, आज 9 घर 7 गोशालाएं क्षतिग्रस्त, 27 सड़कें हुई बंद
Last Updated on July 15, 2022 by Vishal Rana
शिमला। हिमाचल में बारिश का कहर जारी है। कई जगहों पर भूस्खलन (Landslide) हो रहे हैं तो कई लोग बेघर हो गए हैं। प्रदेश भर से नुकसान की खबरे सामने आ रही हैं। शुक्रवार को बारिश (Rain) से प्रदेश भर में सात कच्चे, दो पक्के घर और सात गोशालाएं क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं शुक्रवार शाम तक प्रदेश में 27 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। मंडी जिले में सबसे अधिक 16, सोलन में नौ, लाहुल-स्पीति और चंबा में एक-एक सड़क बंद रही। इसके अलावा प्रदेश में 19 पेयजल योजनाएं प्रभावित चल रही हैं। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश भर में बारिश से अभी भी राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला (Meteorological Department) ने शनिवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश का येलो अलर्ट (Yellow alert) जारी किया है। भारी बारिश का के कहर से विश्व प्रसिद्ध अटल टनल (Atal Tunnel) भी अछूती नहीं रही है। अटल टनल रोहतांग में बारिश के पानी की निकासी के लिए बनाई गई नाली ब्लॉक होने के कारण पानी भीतर तक पहुंच गया। हालांकि टनल में यातायात सामान्य रूप से चलता रहा। शुक्रवार को प्रदेश भर में बारिश हुई है। राजधानी शिमला (Shimla) की बात करें तो सुबह के समय मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर होते होते मौसम ने करवट बदली और झमाझम बारिश हुई। हालांकि यह बारिश थोड़ी देर ही हुई।
यह भी पढ़ें:भारी बारिश से दो दिनों में मंडी में हुआ 50 करोड़ से ज्यादा का नुकसान
हिमाचल में हो रही भारी बरसात से अभी तक करोड़ों के नुकसान का अनुमान है। बीती रात को निरमंड में पहाड़ी से कार पर पत्थर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। वहीं अचानक जलस्तर बढ़ने से मंडी के भांवला में स्कूटी समेत एक युवक बह गया। जिसे स्थानीय दुकानदारों ने काफी मशकत के बाद बचाया। युवक देवदत पुत्र शिवराम भांबला पंचायत के गांव रमेहड़ा निवासी है। मंडी के पास हुए भूस्खलन से एचआरटीसी (HRTC) कुल्लू की 10 बसें 15 घंटे तक फंसी रहीं। भारी बारिश से नाचन, सराज में सेब तुड़ान प्रभावित हुआ है। इसी तरह से बिलासपुर जिले में भारी बारिश से दो कच्चे मकान, एक रसोई घर, चार गोशालाएं, हमीरपुर में स्लेटपोश मकान ढह गया है। ननखड़ी में एक पेड़ दो मंजिला मकान पर गिर गया। भूस्खलन होने से बंद उदयपुर-तिंदी-किलाड़ मार्ग शुक्रवार सुबह 17 घंटे बाद बहाल हुआ। भरमौर-हड़सर मार्ग पर प्रंघाला नाले का जलस्तर बढ़ने से सड़क का करीब 50 मीटर हिस्सा जलमग्न हो गया।