- Advertisement -
ऊना। हिमाचल में मल्टीटास्क वर्कर (Multitask Workers) बनने के लिए पुरुषों को 50 किलो सीमेंट की बोरी उठानी होगी। इसी तरह से महिलाओं को 25 किलो की बोरी उठानी पड़ेगी। यह शर्त लोक निर्माण विभाग (Public Works Department) में शुरू हुई मल्टीटास्क वर्करों की भर्ती के लिए रखी गई है। मल्टीटास्क वर्कर्स की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला मुख्यालय से जलग्रां में स्थित सरकारी स्कूल में भर्ती प्रक्रिया को लेकर डॉक्यूमेंटेशन और इसके साथ.साथ शारीरिक दक्षता परीक्षा भी ली जा रही है। विभाग के अधीक्षण अभियंता जीएस राणा और अधिशाषी अभियंता राजेश शर्मा के साथ-साथ अन्य तमाम अधिकारी कर्मचारी भी इस भर्ती प्रक्रिया को मुकम्मल करने में जुटे हैं। भर्ती प्रक्रिया के दौरान हरोली में 55, ऊना में 33, बंगाणा में 99, चिंतपूर्णी में 108 और गगरेट में 69 पदों पर मल्टीटास्क वर्कर्स की भर्ती की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग (PWD) में की जा रही मल्टी टास्क वर्कर्स की भर्ती प्रक्रिया के तहत जिला ऊना के 364 पदों को भरने के लिए भी प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। शुक्रवार को जिला मुख्यालय के साथ लगते गांव जलग्रां में स्थित सरकारी स्कूल परिसर में इस भर्ती प्रक्रिया (Recruitment Process) को शुरू किया गया। विभाग के अधीक्षण अभियंता जीएस राणा और अधिशाषी अभियंता राजेश शर्मा समेत अन्य अधिकारी भी इस दौरान मल्टीटास्क वर्कर्स पदों के लिए आवेदकों के डॉक्यूमेंटेशन और शारीरिक दक्षता परीक्षा लेने के लिए पहुंचे थे। लोक निर्माण विभाग में भर्ती किए जा रहे मल्टीटास्क वर्कर्स में पुरुषों को 50 किलो सीमेंट की बोरी उठाकर 50 मीटर तक चलाया जा रहा है, जबकि महिलाओं को 25 किलो की सीमेंट की बोरी उठाकर इतनी ही दूरी तय करने के लिए पैमाना निर्धारित किया गया है।
पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अभियंता राजेश शर्मा ने बताया कि ऊना के दोनों सब डिवीजन में मल्टी टास्क वर्कर्स के 88 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया चल रही है। वहीं, अधीक्षण अभियंता जीएस राणा खुद जिला में अलग अलग स्थानों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया में व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे है। इसी कड़ी के तहत उन्होंने ऊना डिवीजन की जलग्रां में चल रही भर्ती प्रक्रिया में भी पहुंचकर व्यवस्थाओं को जांचा। जीएस राणा ने बताया कि जिला में 364 मल्टी टास्क वर्कर्स की भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा किया जा रहा है।
- Advertisement -