-
Advertisement
Nepal: भूस्खलन और भूकंप का डबल अटैक; 18 लोगों ने गंवाई जान; 21 लापता
Last Updated on August 16, 2020 by Deepak
काठमांडू। नेपाल (Nepal) में प्रकृतिक आपदा का कोप जारी है। नेपाल में 24 घंटे के भीतर हुए भूस्खलन (Landslide) और भूकंप (Earthquake) के डबल अटैक से देशवासी सहमे हुए हैं। एक तरफ जहां पूर्वी नेपाल के संखुवासभा जिले में 4.2 तीव्रता का भूकंप (Earthquake) का झटका आया। राष्ट्रीय भूगर्भ विज्ञान विभाग के मुताबिक भूकंप का केंद्र काठमांडू (Kathmandu) से 300 किमी दूर पूर्व में संखुवासभा जिले में था। झटका काठमांडू जिले के इर्दगिर्द भी महसूस किया गया। हालांकि अब तक जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
11 बच्चे, चार महिलाएं और तीन पुरुषों ने गंवाई जान
वहीं, दूसरी तरफ नेपाल के सिंधुपालचौक जिले में भूस्खलन में करीब 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य लापता होने की सूचना मिली है। यह जानकारी अधिकारियों ने रविवार को दी। प्रभावित क्षेत्र में तलाशी और बचाव अभियान जारी है। जिले की जुगल ग्रामीण नगरपालिका में शुक्रवार को हुए भूस्खलन से लिडी गांव में 37 घर भी क्षतिग्रस्त हो गए। रिपोर्ट के अनुसार, जिला पुलिस कार्यालय सिंधुपालचौक के पुलिस अधीक्षक प्रजवोल महारजन ने बताया कि मारे गए 18 लोगों में 11 बच्चे, चार महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया है। महारजन ने कहा, ‘घटना में पास की एक पहाड़ी में भी दरार आ गई है और उस पहाड़ी के तराई में 25 घर स्थित हैं।’
यह भी पढ़ें: Table fan का स्विच ऑन करते ही लड़की को लगा करंट, गई जान
2 दिन पहले 48 लोगों ने गंवाई थी जान
इससे पहले शुक्रवार को भी नेपाल में भूस्खलन की दो घटनाएं हुई थीं। महज आठ घंटों के दरम्यान दो जगहों पर हुए भूस्खलन में मलबे के नीचे दबने से 24 लोगों की मौत हो गई जबकि 20 से अधिक लोग लापता हो गए थे। भूस्खलन की पहली घटना कालीकोट महावाई गाऊ पालिका वार्ड नंबर तीन नाकू गांव में बृहस्पतिवार रात हुई। रात में हुई भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन में मलबे के नीचे 38 लोग दब गए थे। वही, दूसरी घटना नेपाल के सिंधुपाल चौक जिले की जुगल ग्राम नगरपालिका वार्ड नंबर दो में शुक्रवार की सुबह हुई थी। ग्राम नगर पालिका उपाध्यक्ष सरजाना तमांग ने जानकारी दी कि भूस्खलन का मलबा 37 घरों में भर गया। घटना के तुरंत बाद ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से पांच लोगों को नाजुक हालत में मलबे से बाहर निकाला गया। हालत नाजुक होने के कारण उन्हें तुरंत चौतरा स्थित अस्पताल ले जाया गया। देर शाम तक मलबे में से छह लोगों के शव निकाले जा चुके हैं।