-
Advertisement
Hamirpur कोरोना पॉजिटिव मामलाः होम क्वारंटाइन आदेशों की हुई अनदेखी, होगी कार्रवाई
हमीरपुर। जिला में कोरोना पॉजिटिव का नया मामला सामने आने के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिला के बड़सर क्षेत्र में कोरोना संक्रमित व्यक्ति का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन (Containment Zone) घोषित कर दिया है और क्षेत्र के साथ लगती सात किमी के एरिया को पूर्णतया सील कर दिया है। डीसी हमीरपुर (Hamirpur) हरिकेश मीणा ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव आने के बाद पूरे जिला भर में अलर्ट घोषित कर दिया है और चौकसी बरती जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में होम क्वारंटाइन (Home quarantine) के नियमों की अनदेखी होने का पता चला है, क्योंकि इस व्यक्ति ने किसी अन्य व्यक्ति से अपने बाल कटवाए हैं। ऐसे में दोनों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जा रही है।
यह भी पढ़ें: बंडारू दत्तात्रेय बोले: कोरोना महामारी के दौर में Red Cross की भूमिका अहम
डीसी हमीरपुर हरिकेश मीणा ने कहा कि निगरानी दलों को सूचित किए बिना अगर कोई भी क्वारंटाइन व्यक्ति बाहर निकलता है तो वह अपने साथ-साथ अपने परिवार व समाज को भी खतरे में डाल रहा है। ऐसे में लापरवाही बरतने वालों तथा उनके परिजनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इस बारे में सभी एसडीएम (SDM) को भी निर्देश जारी किए गए हैं।
डीसी मीणा ने कहा कि इसके अतिरिक्त सभी एसडीएम प्रतिदिन 10 पंचायतों का निरीक्षण कर होम और संस्थागत क्वारंटाइन केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं और इनसे जुड़े विभिन्न मामलों पर स्थानीय निगरानी दलों के साथ चर्चा कर इन्हें हल करेंगे। जिन परिवारों के पास घर में केवल एक-दो कमरे हैं और क्वारंटाइन में परेशानी हो रही हो, तो ऐसे लोग स्वयं या पंचायत व प्रशासन की सहायता से स्कूलों में स्थापित क्वारंटाइन सेंटर में जा सकते हैं। वहां उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

