-
Advertisement
अचानक तबीयत बिगड़ने से ICU में भर्ती हुए इरफ़ान खान; कोकिलाबेन हॉस्पिटल में चल रहा इलाज
नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्टर इरफान खान (Irrfan Khan) की तबीयत अचानक बिगड़ जाने से उन्हें आईसीयू (ICU) में भर्ती करना पड़ा। हालांकि, उन्हें क्या परेशानी हुई है इस बात का अभी तक कोई खुलासा नहीं हो पाया है। इरफान मुंबई स्थित कोकिलाबेन अस्पताल (Kokilaben Hospital) के आईसीयू में भर्ती हैं। सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार सुबह इरफान बाथरूम में गिर गए थे। उन्होंने सांस लेने में दिक्कत और अचानक कमजोरी की शिकायत की। इसके बाद उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया। फिलहाल, उनकी तबियत को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है।
यह भी पढ़ें: भारत में कोरोना वायरस का पहला मामला आया सामने, पॉज़िटिव पाया गया केरल का छात्र
बता दें कि साल 2018 में इरफान खान को पता चला था कि वह न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर से पीड़ित हैं। इस बीमारी के इलाज के लिए इरफान खान लंदन भी गए थे और करीब साल भर इलाज कराने के बाद वह वापस भारत लौटे। वापस लौटने के बाद उन्होंने फिल्म अंग्रेजी मीडियम की शूटिंग शुरू की। उनकी हालिया रिलीज अंग्रेजी मीडियम थी। बीमारी के बाद ये उनकी पहली फिल्म थी। हालांकि कोरोना वायरस पैन्डेमिक के चलते फिल्म कमर्शियली सक्सेसफुल नहीं हो पाई। इस फिल्म में इरफान खान के साथ राधिका मदान और एक्ट्रेस करीना कपूर भी मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। फिल्म के कॉन्सेप्ट तो दर्शकों का दिल जीता ही था, साथ ही इरफान खान की एक्टिंग भी लोगों को काफी पसंद आई थी।
हाल ही में इरफान खान की मां सईदा बेगम का निधन हो गया था। उस वक्त ये खबरें आई थीं कि लॉकडाउन में घर से दूर होने के कारण एक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए मां के अंतिम दर्शन किए थे। लॉकडाउन और तबियत खराब होने के कारण इरफान मां के जनाजे में भी शामिल नहीं हो पाए थे। उन्होंने जयपुर में परिजन से वीडियो कॉल पर बात की थी।