-
Advertisement
सड़कों को सुरक्षित बनाने की बड़ी तैयारी: हिमाचल में 5 मीटर तक चौड़ी होंगी तंग सड़कें, क्रैश बैरियर भी लगेंगे
Himachal News: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए राज्य सरकार ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेशभर में खतरनाक साबित हो रहे ब्लैक स्पॉट को नए सिरे से चिन्हित करने और पूर्व में चिन्हित 239 ब्लैक स्पॉट को पूरी तरह सुरक्षित बनाने की कवायद शुरू कर दी गई है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD), पुलिस और परिवहन विभाग एक साथ मिलकर संयुक्त रूप से काम कर रहे हैं।
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में होंगे बड़े सुधार
प्राथमिकता के आधार पर दुर्घटना संभावित स्थानों पर रोड सेफ्टी फंड से जरूरी सुधार कार्य किए जाएंगे। जिन स्थानों पर सड़क कम चौड़ी है, वहां आवश्यकतानुसार सड़क को लगभग 5 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा, ताकि तीखे मोड़ों पर आमने-सामने से आने वाले वाहनों को गुजरने में आसानी हो। जहां चौड़ाई बढ़ाना संभव नहीं होगा, वहां वैकल्पिक इंजीनियरिंग उपायों के जरिए हादसों का खतरा कम किया जाएगा।
इसके अलावा, सुरक्षा के लिहाज से निम्नलिखित उपाय मुख्य रूप से किए जाएंगे:
क्रैश बैरियर: खतरनाक मोड़ों और खाइयों की तरफ क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे।
साइन बोर्ड और संकेतक: चालकों को सचेत करने के लिए चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर और रोड मार्किंग की व्यवस्था होगी।
डाटा आधारित चयन: पुलिस और परिवहन विभाग से प्राप्त हादसों के आंकड़ों, उनकी गंभीरता और सड़क की बनावट के आधार पर ब्लैक स्पॉट की नई सूची अपडेट की जाएगी।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि विभाग को तंग सड़कों को खोलने और पुराने व नए ब्लैक स्पॉट को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि रोड सेफ्टी फंड का मुख्य इस्तेमाल इन सुधारात्मक कार्यों के लिए किया जाएगा ताकि हादसों की वास्तविक स्थिति में सुधार लाया जा सके।
अनु गुप्ता
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
