-
Advertisement

पठानकोट-मंडी एनएच पर भूस्खलन, 32 मील के समीप सड़क पर गिरे पत्थर
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज व येलो अलर्ट के बीच आज विभिन्न जिलों में सुबह से ही भारी बारिश हो रही है। जिला कांगड़ा (Kangra) में बारिश ने फिर काफी तबाही मचाई है। बारिश के चलते जगह-जगह पर भूस्खलन हुआ है और पानी भी भर गया है। पठानकोट-मंडी एनएच (Pathankot-Mandi NH) पर बारिश की वजह से भूस्खलन हुआ है। इसके कारण 32 मील के समीप रोड ब्लॉक हो गया है। कांगड़ा जाने के लिए लोग 32 मील रानीताल मार्ग का उपयोग कर रहे हैं। देहरा-चंडीगढ़ मार्ग पर ढलियारा के पास भूस्खलन से हुआ है, जिसके चलते यह मार्ग बंद हो गया। देहरा में सुनेहत के पास मलबा गिरने से करीब चार घंटे जाम लगा रहा। काफी समय बाद आवाजाही शुरू की जा सकी। वहीं, कांगड़ा बस स्टैंड में भी सुबह हालात खराब रहे। यहां चारों तरफ पानी भर गया।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में डराने लगी बारिश, देहरा -चंडीगढ़ मार्ग पर भूस्खलन, आवाजाही बंद
भारी बारिश (Heavy Rain) से तबाही के डर से चैतड़ू और शिल्ला सहित राजोल में लोग खड्ड के किनारों से पीछे हट गए हैं वहीं रुलेहड़ में भी लोग दहशत में हैं। तेज बारिश को लेकर मौसम विभाग पहले ही अलर्ट कर चुका है। ऐसे में जिला प्रशासन ने भी उपमंडल के सभी अधिकारियों को अपने अपने क्षेत्रों में मुस्तैद रहने के लिए कहा है। धर्मशाला में आकाश में काले बादल छा गए हैं। नदी नालों का जलस्तर एक बार फिर से बढ़ गया है और छोटे नाले भी उफान पर हैं। धर्मशाला में खड्ड किनारे रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया है कि खड्ड के पास न जाएं।