-
Advertisement
जहां जलती हैं अर्थियां, वहां हुई जयमाला- श्मशान घाट में शादी देख भड़के लोग
Almora Wedding Ceremony in Crematorium:आजकल शादी को यादगार बनाने के लिए लोग ना जाने क्या-क्या प्लानिंग करते हैं, जिसमें से सबसे ज्यादा पॉपुलर हो रहा है डेस्टिनेशन वेडिंग। पहाड़ों पर या समुद्र किनारे या फिर राज महलों में किसी अच्छी मनपसंद जगह पर अपने करीबी रिश्तेदारों और दोस्तों के बीच शानदार तरीके से शादी करना पसंद करते हैं। ताकि शादी यादगार बन जाए। जरा सोचिए कभी कोई श्मशान घाट पर भी शादी करता है…. लेकिन ऐसा हुआ है। जिस स्थान पर लोग अपनों को अंतिम विदाई देते हैं, वहां जयमाला और भव्य सजावटको देख कर लोग दंग रह गए।
रामगंगा और बदनगढ़ नदी के संगम स्थल पर है घाट
दरअसल उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के मरचूला में कॉर्बेट नेशनल पार्क से सटे एक श्मशान घाट पर पर्यटकों ने शादी की रस्में निभाईं। मरचूला क्षेत्र में रामगंगा और बदनगढ़ नदी के संगम पर एक पुराना श्मशान घाट है। संगम स्थल होने के कारण यह स्थान प्राकृतिक रूप से बेहद सुंदर है। पास के ही एक रिजॉर्ट में ठहरे इन पर्यटकों को संगम की लोकेशन इतनी पसंद आई कि उन्होंने डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए इसे चुना। रिजॉर्ट प्रबंधक ने पर्यटकों श्मशान घाट के बारे में बताया था लेकिन उन्होंने जगह की खूबसूरती को प्राथमिकता दी और गत रविवार को वहां जयमाला समेत शादी की अन्य रस्में निभाईं।
लोगों व पंचायत सदस्यों ने उठाए सवाल
उधर स्थानीय निवासियों और पूर्व जिला पंचायत सदस्यों ने इस कृत्य पर कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि हिंदू धर्म और पहाड़ी संस्कृति में विशेषकर जहां अंतिम संस्कार होता है, वहां मांगलिक कार्य करना पूरी तरह वर्जित और अशुभ माना जाता है। मामला चर्चा में आने के बाद प्रशासन ने भी कड़ा रुख अपनाया है. सल्ट के तहसीलदार आबिद अली ने स्पष्ट किया कि शवदाह स्थल या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर बिना अनुमति के निजी समारोह आयोजित करना गैरकानूनी है। हालांकि अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन वीडियो के आधार पर जांच की बात कही जा रही है।
पंकज शर्मा
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

