-
Advertisement
मंडी-पठानकोट हाईवे पर महिला से चेन स्नैचिंग का प्रयास, लोगों ने पंजाब के 9 युवकों को दबोचा
Mandi News: हिमाचल प्रदेश में मंडी-पठानकोट नेशनल हाइवे पर गुम्मा के समीप बीती शाम चेन स्नैचिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक महिला के गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया गया। हालांकि, स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के चलते भाग रहे पंजाब के 9 युवकों को पकड़ लिया गया और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सड़क किनारे पूनी देवी निवासी गुम्मा अपनी सब्जी की दुकान लगा रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिलों पर सवार 9 युवक अचानक वहां रुके। उन्होंने मौका पाकर पूनी देवी के गले से सोने की चेन झपट ली और मंडी की ओर भागने का प्रयास किया।
ग्रामीणों की सतर्कता से दबोचे गए आरोपी
अचानक हुए इस हमले से घबराई पूनी देवी ने तुरंत शोर मचा दिया। महिला का शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग इकट्ठा हो गए और बिना समय गंवाए भाग रहे आरोपियों का पीछा करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों की भारी भीड़ और मुस्तैदी के चलते सभी आरोपियों को कुछ ही दूरी पर दबोच लिया गया। पूछताछ में पता चला कि इस पूरी वारदात में कुल नौ युवक शामिल थे, जो सभी पंजाब के रहने वाले हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना जोगिंद्रनगर पुलिस को दी।
पुलिस की कार्रवाई और आगामी जांच
सूचना मिलते ही जोगिंद्रनगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए सभी 9 आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने इस मामले में तुरंत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।फिलहाल पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि पकड़े गए इन युवकों का संबंध किसी बड़े अंतरराज्यीय गिरोह से तो नहीं है, या फिर वे हिमाचल में किसी अन्य आपराधिक गतिविधियों में भी संलिप्त तो नहीं रहे हैं। घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में रोष है, लेकिन ग्रामीणों की बहादुरी की हर ओर प्रशंसा हो रही है।
लक्की शर्मा

