- Advertisement

मिशन रिपीट नहीं, जनता तय करेगी सत्ता: CM सुक्खू का दावा- 2027 में और घटेंगी बीजेपी की सीटें
CM Sukhvinder Singh Sukhu: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी के गठन के बाद शिमला में आयोजित जनरल हाउस की बैठक में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिरकत की। इस दौरान सुक्खू ने जहां एक तरफ 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर बीजेपी पर बड़ा हमला बोला, वहीं संगठन के भीतर चल रहे कथित विवादों को भी सिरे से खारिज कर दिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और भाजपा के दुष्प्रचार का जवाब देने के लिए रणनीति तैयार करना था।
मिशन रिपीट नहीं, जनता करेगी फैसला
2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस के ‘मिशन रिपीट’ के सवाल पर सीएम सुक्खू ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में मिशन रिपीट जैसा कुछ नहीं होता, बल्कि जनता तय करती है कि सत्ता की चाबी किसे सौंपनी है।उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा कि 2027 में हिमाचल में बीजेपी की सरकार नहीं बनेगी। इसके साथ ही उन्होंने तंज कसा कि आगामी चुनाव में बीजेपी विधायकों की संख्या उनकी मौजूदा संख्या से भी कम रह जाएगी।सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने यह बैठक इसलिए बुलाई है ताकि बीजेपी द्वारा फैलाए जा रहे झूठ और दुष्प्रचार का पुरजोर तरीके से जवाब दिया जा सके।
विचारों की भिन्नता हो सकती है, मनमुटाव नहीं
किन्नौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी की नियुक्ति को लेकर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की कथित नाराजगी की खबरों को सीएम सुक्खू ने पूरी तरह से मनगढ़ंत बताया।उन्होंने स्पष्ट किया कि जगत सिंह नेगी और निगम भंडारी के बीच कोई मनमुटाव नहीं है।सीएम ने कहा कि विचारों में भिन्नता हो सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कोई विवाद है। जगत सिंह नेगी हमारे वरिष्ठ मंत्री हैं और निगम भंडारी यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रहे हैं। दोनों नेताओं के साथ बैठकर चर्चा की जाएगी और आगे की रणनीति तय होगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मंत्री नेगी ने पार्टी आलाकमान के फैसले पर कोई सवाल नहीं उठाया है, इस मुद्दे को केवल तिल का ताड़ बनाया गया है।
कैबिनेट विस्तार और धर्मशाला में पीएसी की बैठक
हिमाचलकैबिनेट में खाली पड़े पद को लेकर भी सीएम ने स्थिति स्पष्ट की। सीएम सुक्खू ने कहा कि कैबिनेट में फिलहाल एक पद खाली है, जिसे भरा जाना आवश्यक है। हालांकि, यह विस्तार कब होगा, इसका अंतिम निर्णय पार्टी आलाकमान ही करेगा। उन्होंने जानकारी दी कि 16 और 17 जुलाई को धर्मशाला में कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की अहम बैठक प्रस्तावित है। हालांकि, यह बैठक मौसम के अनुकूल रहने पर ही आयोजित की जाएगी।
राम मंदिर चंदा चोरी पर सख्त रुख
राम मंदिर में चंदा चोरी के मामले पर भी सीएम ने कड़ी प्रतिक्रिया दी।उन्होंने कहा कि भगवान राम हम सभी के आराध्य हैं और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के समय हिमाचल प्रदेश सरकार ने भी विशेष अवकाश घोषित किया था।सुक्खू ने सख्त लहजे में कहा कि भगवान के नाम पर चंदा चोरी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए और ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

