-
Advertisement
NIT हमीरपुर स्नातक प्रोग्राम की शुरू करेगा ऑफलाइन कक्षाएं, जारी किया शेड्यूल
हमीरपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर (National Institute of Technology Hamirpur) में स्नातकोत्तर के साथ अब स्नातक प्रोग्राम की भी ऑफलाइन कक्षाएं शुरू होंगी। इसको लेकर भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने सभी एनआईटी में ऑफलाइन कक्षाएं (Offline Classes) शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं। यह फैसला प्रदेश में लगातर कम हो रहे कोरोना मामलों को देखते हुए लिया गया है। एनआईटी ने ऑफलाइन कक्षाओं को लेकर शेड्यूल (schedule) भी जारी कर दिया है। बीटेक इंजीनियरिंग, आर्किटेक्चर और तीसरे वर्ष की ऑफलाइन कक्षाएं 15 मार्च से शुरू होंगी। दूसरे वर्ष की ऑफलाइन कक्षाएं 21 मार्च से और चौथे वर्ष की कक्षाएं 28 मार्च से शुरू होंगी। जबकि बीटेक, बी-आर्क और दोहरी डिग्री प्रथम वर्ष की ऑफलाइन कक्षाएं छह अप्रैल से शुरू होंगी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: स्कूल-कॉलेजों में कम होंगी कोरोना बंदिशें, JBT भर्ती परीक्षा परिणाम पर भी बड़ी अपडेट
पीएचडी, एमटेक, एम-आर्क, एमबीए और एमएससी समेत स्नातकोत्तर डिग्री कोर्सों की ऑफलाइन कक्षाएं 28 फरवरी से शुरू हो गई हैं। इससे पूर्व जनवरी माह में एनआईटी ने ऑफलाइन कक्षाएं शुरू करने का निर्णय लिया था, लेकिन उस दौरान ओमिक्रॉन का खतरा मंडरा रहा था, जिसके चलते ऑफलाइन कक्षाएं नहीं लगाई जा सकीं। देशभर के विभिन्न कोनों से जब विद्यार्थी हवाई मार्ग, ट्रेनों और बसों से एनआईटी पहुंचे तो कोरोना संक्रमण ने पांव पसार लिए। उस दौरान एनआईटी में 200 से अधिक विद्यार्थी कोरोना संक्रमित निकले। जिसके चलते संस्थान ने ऑफलाइन कक्षाएं शुरू करने का फैसला पलट दिया और सभी विद्यार्थियों को उनके घर भेज दिया गया। लेकिन अब एक बार फिर कोरोना के मामलों में कमी को देखते हुए प्रशासन ने संस्थान में ऑफलाइन कक्षाएं शुरू करने का निर्णय लिया है। यूजी और पीजी कक्षाओं के विद्यार्थियों को एनआईटी गेट पर प्रवेश के दौरान वैक्सीनेशन की प्रति दिखानी होगी। इसके साथ ही 96 घंटे पहले की आरटीपीसीआर और रैपिड एंटीजन टेस्ट की रिपोर्ट भी दिखानी होगी।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group…

