-
Advertisement

प्याज की कीमतों में लगने लगी आग, कई शहरों में 60 रुपए किलो जा पहुंचा
नई दिल्ली। प्याज (Onion) के दाम एक बार फिर से लोगों के आंसू निकालने वाले हैं। प्याज के दामों (Onion Prices) में पिछले महीने की अपेक्षा इस महीने काफी ज्यादा उछाल देखा जा रहा है। कुछ शहरों में तो प्याज के रेट (Onion Rate) 60 रुपए प्रति किलो बिक रहा है। पेट्रोल और डीजल के दामों (Petrol and Diesel Prices) में बढ़ोतरी भी इसका एक कारण माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार दिसंबर 2020 और जनवरी 2021 के बेमौसम बारिश (Unseasonal Rain) हुई है। इस वजह से महाराष्ट्र में किसानों (Maharashtra Farmers) की प्याज की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। ऐसे में मंडी में प्याज की सप्लाई (Onion Supply) भी घटी है, जिसका असर अब कीमतों (Rate) पर भी देखने को मिल रहा है। बताया जा रहा है कि मंडियों में प्याज की सप्लाई करीब 40 फीसदी तक कम हुई है। इस वजह से देश में प्याज महंगा हो रहा है।
यह भी पढ़ें: एक महानगर में शतक से सिर्फ इतनी दूर है पेट्रोल की कीमत, एक साल में ही दाम में हुई इतनी बढ़ोतरी
केंद्रीय उपभोक्ता मंत्रालय की वेबसाइट से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले महीने जनवरी में हैदराबाद में एक किलो प्याज की कीमत 34 रुपए थी जिसमें अब करीब 26 रुपए की बढ़ोतरी हुई है और प्याज 60 रुपए पर पहुंच गया है। अन्य जगहों में भी पिछले महीने की तुलना में प्याज की कीमतों में बढ़ोतरी देखी गई है। पिछले महीने 11 जनवरी की तुलना में 11 फरवरी को दिल्ली में प्याज के दाम में 19 रुपए, मेरठ में 20 रुपए, मुंबई में 14 रुपए, शिलांग में 10 रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है। इसके अलावा नासिक, राजकोट, वारंगल, कोलकाता, नागपुर में भी प्याज के दाम करीब 15 रुपए बढ़े हैं।
कीमतों में इस बढ़ोतरी की वजह सप्लाई बताई जा रही है। एशिया की सबसे बड़ी फल-सब्जी मंडी आजादपुर मंडी समिति के अध्यक्ष आदिल अहमद खान का कहना है कि सप्लाई में कमी आई है। इसके चलते प्याज के दामों में बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा बीते दिनों हुई बारिश का भी प्याज की फसल पर असर पड़ा है। इस वजह से प्याज की आवक में कमी हुई है। उन्होंने बताया कि करीब हफ्ता भर पहले ही मंडी में प्याज का थोक भाव 22 रुपए किलो था, जो फिलहाल 33 रुपए प्रति किलो तक जा पहुंचा है।
दिल्ली-एनसीआर में भी प्याज को लग रही आग
जानकारी के अनुसार प्याज की कीमतों में इजाफा दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में भी देखा गया है। पिछले छह से सात दिनों में गाजियाबाद में प्याज की कीमतों में अचानक बढ़ोतरी हुई है। थोक कारोबारियों के मुताबिक नासिक से आने वाले प्याज के थोक रेट भी बढ़े हैं। इसमें करीब 500 से 700 रुपए तक की बढ़ोतर हुई है। ऐसे में प्याज की रीटेल कीमतें भी 40 से 50 रुपए प्रति किलो जा पहुंची हैं, जो एक सप्ताह पहले 25-30 रुपए प्रति किलो थीं।