-
Advertisement
पाकिस्तान में घुस कर आतंकी ठिकानों को किया तबाह: जयराम बोले- हिमाचल केंद्र सरकार के साथ खड़ा
Jairam Thakur: भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पीएम नरेंद्र मोदी व भारतीय सेना को बधाई दी है। उन्होंने कहा पाकिस्तान में 100 किमी अंदर जाकर आतंकी ठिकानों पर सटीक हमला किया गया, आतंकवादियों के हेडक्वाटर को निशाना बनाया है। यह हमला केवल आतंकी ठिकानों तक सीमित था और 7 शहरों में 9 आतंकी ठिकानों पर हमला किया गया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान बौखलाया हुआ है और ऐसे समय में हिमाचल प्रदेश केंद्र सरकार के साथ खड़ा है। केंद्र से आए निर्देशों का पालन किया जाएगा और एहतियात के तौर पर मॉक ड्रिल जरूरी है। जयराम ठाकुर ने कहा कि भारतीय सेना की कार्रवाई केवल पहलगाम तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के भीतर हुई सभी आतंकी घटनाओं के लिए जिम्मेदार आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र के निर्देशों पर जिम्मेदारी के साथ कदम उठाए जाएंगे।
बोलने के बाद लीपापोती करते हैं विक्रमादित्य
हिमाचल प्रदेश में सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई सियासी हलचल पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस में अंतर कलह चरम पर है। कोई सीएम के पक्ष में बोल रहा है, तो कोई दूसरे नेता के पक्ष में। हिमाचल कांग्रेस में कुर्सी की लड़ाई चरम सीमा पर पहुंच गई है। विक्रमादित्य सिंह पर निशाना साधते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि वह बोलने के बाद लीपापोती करते हैं। कांग्रेस को अपनी सरकार और पार्टी चलाने पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन ना पार्टी चल पा रही है और ना सरकार। बिलासपुर में पार्टी के ही व्यक्ति के खिलाफ बोलने पर भी रोक नहीं लगा पाई।
संजू चौधरी

