-
Advertisement
मेटा का बड़ा कदम: फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सएप के लिए लॉन्च किए पेड ‘प्लस’ सब्सक्रिप्शन प्लान !
Meta Plus Subscription: सोशल मीडिया की दिग्गज कंपनी मेटा ने अपनी कमाई की रणनीति में एक बड़ा बदलाव करते हुए इंस्टाग्राम, फेसबुक और वॉट्सएप के लिए नए “प्लस” (Plus) सब्सक्रिप्शन प्लान्स की घोषणा की है। प्रीमियम अनुभव और खास फीचर्स चाहने वाले यूजर्स के लिए पेश किए गए ये नए प्लान कंपनी के मौजूदा ‘मेटा वेरिफाइड’ (Meta Verified) प्लान की जगह नहीं लेंगे, बल्कि एक अतिरिक्त विकल्प के रूप में काम करेंगे। कंपनी ने इन प्लान्स को वैश्विक स्तर पर रोल आउट करना शुरू कर दिया है। हालांकि, मेटा के सबसे बड़े बाजार यानी भारत में इसके लॉन्च की तारीख का अभी ऐलान नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि भारत में इसे चरणबद्ध (फेज्ड मैनर) तरीके से लागू किया जाएगा।
क्या होंगी प्लान्स की कीमतें?
मेटा ने अपने तीनों प्रमुख एप्स के लिए अलग-अलग सब्सक्रिप्शन शुल्क तय किया है:
इंस्टाग्राम प्लस: $3.99 (करीब 380 रुपये) प्रति महीना
फेसबुक प्लस: $3.99 (करीब 380 रुपये) प्रति महीना
वॉट्सएप प्लस: $2.99 (करीब 280 रुपये) प्रति महीना
सब्सक्राइबर्स को मिलेंगे ये एक्सक्लूसिव फीचर्स
इंस्टाग्राम और फेसबुक प्लस:
क्रिएटर्स और सोशल एक्सप्रेशन को ध्यान में रखकर बनाए गए इन प्लान्स में कई एडवांस टूल्स दिए गए हैं। यूजर्स अब ‘स्टेल्थ मोड’ के जरिए दूसरों की स्टोरी बिना अपना नाम दिखाए (चुपके से) देख सकेंगे और यह भी चेक कर सकेंगे कि उनकी स्टोरी को कितनी बार दोबारा देखा गया है। इसके अलावा, स्टोरी को 24 घंटे से ज्यादा समय तक रखने, हफ्ते में एक बार स्टोरी को ‘स्पॉटलाइट’ करने और दोस्तों को बिना नोटिफिकेशन भेजे प्रोफाइल अपडेट (फोटो/वीडियो सेव) करने की सुविधा मिलेगी। यूजर्स अपनी मर्जी की कई ‘कस्टम लिस्ट’ बना सकेंगे और प्रोफाइल को नए फॉन्ट्स व फ्लोटिंग ‘सुपर हार्ट’ रिएक्शन से सजा सकेंगे।
वॉट्सएप प्लस:
वॉट्सएप का यह प्लान पर्सनलाइजेशन पर केंद्रित है। इसमें प्रीमियम स्टिकर्स, नई ऐप थीम्स, कस्टम रिंगटोन्स और अतिरिक्त चैट्स को पिन करने जैसी सुविधाएं शामिल की गई हैं।
मेटा AI और क्रिएटर्स के लिए भी एडवांस प्लान
आम यूजर्स के लिए मेटा AI मुफ्त रहेगा, लेकिन मुश्किल टास्क और एडवांस जरूरतों के लिए कंपनी मेटा वन प्लस ($7.99/माह) और मेटा वन प्रीमियम ($19.99/माह) की टेस्टिंग कर रही है। प्रीमियम प्लान हाई कंप्यूट क्वेरीज, डीपर रीजनिंग और बेहतरीन वीडियो-इमेज जनरेशन क्षमता से लैस होगा।वहीं, ब्रांड्स और क्रिएटर्स की पहुंच और सुरक्षा बढ़ाने के लिए दो महंगे प्लान लाए जा रहे हैं:
मेटा वन एसेंशियल ($14.99/माह): इसमें वेरिफाइड बैज, फर्जी अकाउंट्स से सुरक्षा और एक एन्हांस्ड लिंकशीट मिलेगी।
मेटा वन एडवांस ($49.99/माह): इसमें एनालिटिक्स टूल्स, सर्च रिजल्ट में टॉप पर दिखने, रील्स पर बोल्ड ‘फॉलो’ बटन, ऑटोमैटिक फॉलो इनविटेशन और कंटेंट चोरी होने पर ओरिजिनल रील का क्रेडिट क्लेम करने की सुविधा मिलेगी।
क्यों बदला जा रहा है सोशल मीडिया का बिजनेस मॉडल?
सालों तक फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सएप पूरी तरह मुफ्त रहे, क्योंकि कंपनी यूजर्स के डेटा और विज्ञापनों से अरबों डॉलर कमाती थी। लेकिन बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अब दुनियाभर में इन एप्स के यूजर्स की संख्या अपने चरम (सैचुरेशन) पर पहुंच चुकी है, जिससे नए यूजर्स के जुड़ने की रफ्तार धीमी हो गई है।
इसके अलावा, दुनिया भर में सख्त होते डेटा प्राइवेसी नियमों के कारण विज्ञापन से होने वाली कमाई पर भी गहरा असर पड़ा है। इसी चुनौती से निपटने के लिए मेटा अब एलन मस्क के ‘एक्स’ (X) की तर्ज पर सीधे यूजर्स से पैसे लेकर अपने रेवेन्यू मॉडल को सुरक्षित और विविधतापूर्ण बना रही है।
पंकज शर्मा
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

