- Advertisement

कोटरोपी के पास लैंडस्लाइड से पठानकोट-मंडी एनएच बंद, वैकल्पिक मार्ग भी ठप्प
Himachal News: हिमाचल प्रदेश में मानसून के रौद्र रूप के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कोटरोपी के पास भूस्खलन होने के कारण पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही रुक गई है। वहीं, वैकल्पिक मार्ग बंद होने से मंडी की ओर संपर्क कट गया है। मौसम विभाग ने आगामी छह दिनों तक राज्य में मानसून के सक्रिय रहने और कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
एनएचएआई का मरम्मत कार्य जारी, छोटे वाहनों को राहत
मंगलवार शाम कोटरोपी में नाले के समीप अचानक भूस्खलन होने से सड़क का एक हिस्सा धंसने की कगार पर पहुंच गया था। सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने पहले बड़े वाहनों की आवाजाही रोकी, जबकि बुधवार सुबह से राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों ने डाइवर्जन बनाने का काम शुरू कर दिया है। इसके चलते यहां यातायात रोक दिया गया है, हालांकि छोटे वाहनों को आवश्यक्तानुसार निकाला जा रहा है। बड़े वाहनों को लंबा इंतजारकरना होगा। सड़क से पीछे डायवर्जन बनाने का काम शुरू है और एनएचएआई के साइट इंजीनियर मौके पर तैनात है।
वैकल्पिक मार्ग घटासनी-झटिंगरी भी बाधित
पठानकोट-मंडी एनएच बंद होने के बाद घटासनी-झटिंगरी (वाया कटिंडी) मार्ग को वैकल्पिक रास्ते के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था, लेकिन मलबा गिरने से यह मार्ग भी बाधित हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने तुरंत मशीनरी भेजकर रास्ता साफ करने का कार्य शुरू करवा दिया है। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को जिले भर में लगभग 58 सड़कें मलबे के कारण ठप्प रही थीं।
मौसम विभाग का अलर्ट: सिरमौर में आज ऑरेंज
मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने प्रदेश के निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में अगले छह दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। आज (बुधवार) का पूर्वानुमान: सिरमौर जिले के लिए बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा चंबा, कुल्लू और सोलन जिलों में मध्यम से तेज बारिश के खतरे को देखते हुए यलो अलर्ट घोषित किया गया है।खराब मौसम और लगातार हो रहे भूस्खलन को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। लोगों को नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के पास न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।
संजीव कुमार

