-
Advertisement
हिमाचल: पंजाब पुलिस आई थी गिरफ्तार करने, डर के मारे व्यक्ति ने निगल लिया जहर; गई जान
डाडासीबा। कांगड़ा जिला के देहरा में गिरफ्तारी के डर से एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या (Suicide) कर ली। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस ने शव (Dead Body) कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामला उपमंडल देहरा के गुणवाड़ पंचायत से सामने आया है। बताया जा रहा है कि मृतक वीरेंद्र कुमार 30 वर्षीय पुत्र कश्मीर सिंह निवासी गुरनबाड़ वार्ड नंबर चार पर पंजाब में धारा 363, 366 के तहत केस चल रहा था, लेकिन वह हाजिर नहीं हो रहा था। जिसके चलते पंजाब पुलिस उसे गिरफ्तार (Arrest) करने आई थी। लेकिन वह घर पर नहीं मिला।
बताया जा रहा है कि वीरेंद्र कुमार अपनी पत्नी के साथ घर से दूर कनोल में किराये के कमरे में रह रहा था। पुलिस जब वीरेंद्र कुमार के घर गई तो उस वक्त उसकी गर्भवती पत्नी मौजूद थी। जिसके चलते पंजाब पुलिस वीरेंद्र की गर्भवती पत्नी को अपने साथ ले गई और वीरेंद्र को थाना में बुलाया गया। लेकिन वीरेंद्र गिरफ्तारी से डर गया और उसने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली, जिससे उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें:हिमाचल: सीर खड्ड में लापता दो युवकों के शव गोबिंदसागर झील में मिले
व्यक्ति की मौत के बाद उसकी पत्नी ने पंजाब पुलिस (Punjab Police) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक की पत्नी 19 वर्षीय पूनम ने बताया कि पंजाब पुलिस ने उसके पति को फोन पर धमकी दी थी कि वह थाने में नहीं आया तो उसकी पत्नी को अपने साथ ले जाएंगे। पंजाब पुलिस की धमकी से उसका पति डर गया और उसने आत्महत्या कर ली। उन्होंने प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है। वहीं इस संबंध में डीएसपी अंकित शर्मा देहरा से बात की गई तो उन्होंने बताया मृतक युवक पर पंजाब में 363ए 366 धारा के तहत मुकदमा दर्ज था। पंजाब पुलिस सभी नियमों के साथ ही युवक को लेने आई थी। उन्होंने बताया कि मृतक युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
क्या था मामला
बताया जा रहा है कि वीरेंद्र कुमार पंजाब में काम करता था और वहीं रहता था। पंजाब में ही उसे एक युवती से प्रेम हुआ उसकी आयु 18 साल से कम थी और पुलिस ने उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया था। लड़की के माता पिता ने भी मामला दर्ज करवाया था। पंजाब पुलिस आरोपित की तलाश कर रही थीए आरोपित कोर्ट में पेश नहीं हो रहा था। ऐसे में वीरेंद्र ने लड़की की आयु पूरी होने के बाद उसी लड़की से विवाह कर लिया था और यहीं कनोल में किराये का कमरा लेकर रह रहा था।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group