-
Advertisement
हिमाचल उपचुनावः सुखराम के गढ़ पहुंची प्रतिभा, बोली- मुझे पंडित जी के आशीर्वाद की जरूरत
मंडी। कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने आज पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम के गढ़ यानी सदर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार करके अपने लिए वोट मांगे। प्रचार के दौरान उनके साथ पूर्व प्रत्याशी रहे और पंडित सुखराम के पोते आश्रय शर्मा भी मौजूद रहे। प्रतिभा सिंह ने सदर विधानसभा क्षेत्र के बीर, सदोह, भरगांव, गोखड़ा और पक्का परूआ में चुनावी सभाओं को संबोधित करके वोट मांगे। बीर गांव में अपने संबोधन में प्रतिभा सिंह ने कहा कि पंडित सुखराम का प्रदेश की राजनीति में बड़ा नाम है और सदर क्षेत्र उनका घर है। उन्होंने कहा कि पूर्व के चुनावों में भी उन्हें पंडित सुखराम का आशीर्वाद मिलता रहा है और इस बार भी उन्हें आशीर्वाद की जरूरत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोग उन्हें भरपूर सहयोग और समर्थन देंगे।
यह भी पढ़ें:हिमाचल उपचुनाव: नेताओं के एक दूसरे के ऊपर छींटाकशी में छिप गए असल मुद्दे

वहीं आश्रय शर्मा ने भी प्रतिभा सिंह के प्रचार में शामिल होकर उन्हें पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। आश्रय शर्मा ने कहा कि सदर चुनाव क्षेत्र की जनता ने पंडित सुखराम को बनाया है और इसका अहसान वे जिंदगी भर नहीं भूल सकते। उन्होंने सदर क्षेत्र की जनता से प्रतिभा सिंह को भारी मतों से जिताने की अपील की। वहीं इससे पहले प्रतिभा सिंह ने बीजेपी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को प्रत्याशी बनाकर बीजेपी ऐसे प्रचार कर रही है जैसे कारगिल का युद्ध बीजेपी ने ही जीता है। यह युद्ध देश की सेना ने लड़ा था और उन्होंने ही कुर्बानियां देकर इसे जीता भी था। प्रतिभा सिंह ने कहा कि वे और उनका परिवार सेना का मान-सम्मान करते हैं और जिंदगी में कभी उनका कर्ज नहीं चुका सकते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी कभी सेना के नाम पर राजनीति नहीं करती। इस मौके पर उनके साथ नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा और सदर से पूर्व में कांग्रेस की प्रत्याशी रही चंपा ठाकुर सहित अन्य कांग्रेसी नेता भी मौजूद रहे।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए Subscribe करें हिमाचल अभी अभी का Telegram Channel…

