- Advertisement -
सुंदरनगर। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान‘ के तहत शनिवार को प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह नाचन विधानसभा क्षेत्र के चैलचौक पहुंची। इस मौके पर प्रतिभा सिंह ने चैलचौक में इस अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी द्वारा सत्ता हासिल करने में कामयाब रहने पर उन्हें खुशी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जीत के पीछे पूर्व सीएम स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का नाम सबसे बड़ा रहा है और प्रदेश के हर कोने में कार्यकर्ताओं ने वीरभद्र सिंह के नाम पर वोट मांगे गए हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनावों को लड़ना एक चुनौती भरा रहा क्योंकि हिमाचल और केंद्र में बीजेपी की डबल इंजन सरकार कार्यरत थी। यह चुनाव लड़ना एक पहाड़ जैसे लक्ष्य को हासिल करना था लेकिन कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी सत्ता हासिल करने में कामयाब रही। इसके लिए उन्होंने हिमाचल प्रदेश की जनता का आभार जताया।
प्रतिभा सिंह ने खेल व लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह को लेकर कहा कि विक्रमादित्य सिंह ने राजनीति के लिए ग्रामीण क्षेत्र चुना और वहां से वीरभद्र सिंह के रहते लगातार जनता की सेवा की। विपक्ष के लोग कई बातें बनाते रहे लेकिन उसके बावजूद विक्रमादित्य सिंह ने जनता के बीच पहुंचकर मेहनत की और आज शिमला ग्रामीण क्षेत्र से विधायक बने हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही विक्रमादित्य को एक बड़ा पद दिया गया है और वे इस पर खरे उतरेंगे। प्रदेश की जनता को टूटी-फूटी सड़कों से भी राहत दिलाई जाएगी।
- Advertisement -