-
Advertisement
सराज में बारिश ने मचाई तबाहीः 10 लापता- 4 के शव मिले, कुकलाह व कटौला में फटा बादल
मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र में एक बार फिर बारिश ने तबाही मचाई है। सराज के कुकलाह व द्रंग के कटौला में बुधवार सुबह बादल फटने से भारी तबाही हुई है। सराज में अभी तक दस लोगों के लापता होने की सूचना हैं, जिसमें से चार के शव बरामद हो गए हैं। सराज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कलहनी के गांव डगैल में लैंडस्लाइड के मलबे में एक घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है और इसमें 2 लोगों की दबने से मौके पर ही मौत हो गई है। जिनकी पहचान गोपी(14) पुत्री मीनु राम और उनके नाना परमा नंद पुत्र नुरसु के रूप में हुई है। दोनों के शवों को गांव वालों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे से बाहर निकाल दिया है। ग्राम पंचायत कलहनी के सराची में स्कूल मैदान सहित कई घर भूसंख्लन की चपेट में आ गए है।

बारिश से वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल शारटी व कुकलाह के भवन को नुकसान पहुंचा है। तो वहीं मलबे में दबने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई है और दो व्यक्ति के मलबे में दबे होने की सूचना मिली है। जैंशला में दो महिलाओं के बह जाने की सूचना है।
राजकीय माध्यमिक स्कूल भद्रवाणी के भवन की दीवार को चीर मलबा कमरों में पहुंच गया है। बागी नाला में बाढ़ आने से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बागी का भवन ढह गया है। कुकलाह में नाले का पानी लोगों के घरों के छत के ऊपर आ गया। इससे घरों को भी क्षति पहुंची है। कटौला पास बागी नाले में फ्लैश फ्लड के कारण एक बार फिर से रौद्र रूप धारण कर लिया है। नाले में आई भयंकर बाढ़ का पानी लोगों के घरों में घुस गया है। वहीं नाले में दो लोग भी फंस गए हैं। रेस्क्यू के लिए एनडीआरफ की टीम मौके पर रवाना हो गई है।

चंडीगढ़ मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग में रैंस नाला में अत्यधिक पानी व मलबा आने से रैंस नाला टनल में मलबा चला गया। मलबा और पानी इतना ज्यादा था कि वह टनल के दूसरे छोर से बाहर निकल रहा है। सराज विधानसभा क्षेत्र के बड़ा बुनाड़ में नोक सिंह नाम से शख्स की गौशाला में दबने से मौत हो गई। नोक सिंह सुबह गोशाला गया था ,उसी वक्त भारी बारिश के कारण गोशाला ढह गई । स्थानीय लोगों ने मलबा हटाकर नोक सिंह का शव बाहर निकाला।

बादल फटने से कुकलाह नाले में अचानक सैलाब आ गया। मलबा अपने साथ देवदार लकड़ी के सैकड़ों स्लीपर बहाकर ले गया। दोनों स्थानों पर लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। लोगों ने बगलामुखी मंदिर में शरण ली है। साथ लगते माता कश्मीरी मंदिर के आस पास भारी नुकसान हुआ है। स्कूल के साथ 5 से 6 मकान चपेट में आ गए हैं।
