-
Advertisement
रील्स का क्रेज: ग्वालियर में सड़क पर दौड़ती दिखी ‘किसिंग कार’, ट्रैफिक पुलिस का एक्शन
Viral Video: सोशल मीडिया पर व्यूज और लाइक्स हासिल करने के जुनून में लोग किस हद तक जा सकते हैं, इसका एक अनोखा मामला ग्वालियर से सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी कार को ‘किसिंग कार’ बनाकर उसकी रील इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दी। वीडियो के वायरल होते ही मामला ट्रैफिक पुलिस तक पहुंच गया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गाड़ी को जब्त किया और 5,500 रुपये का चालान काटा।
इश्क की दीवानगी हो तो ऐसी 3:30 घंटे लगे 3500 #💋 किए है और प्रूफ किया कि वह अपने बॉयफ्रेंड से कितना प्यार करती है लेकिन जब सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ 55 लाख लोगों ने देखा तो फिर पुलिस ने भी एक्शन ले लिया अब बॉयफ्रेंड माफी मांग रहा है।#mp #gwalior #kissingcar @MPPoliceDeptt pic.twitter.com/mOWYCs5N5V
— Hemant Kewaliya (ब्रजवासी) (@hemantbrajwasi) August 25, 2026
3.5 घंटे में बनाए लिपस्टिक के 3,400 निशान
थाटीपुर इलाके के रहने वाले कार मालिक आदित्य सिकरवार ने इंस्टाग्राम पर ट्रेंड सेट करने और कंटेंट को वायरल करने के मकसद से अपनी कार (नंबर MP07 CC 9452) पर यह अनोखा प्रयोग किया। आदित्य के मुताबिक, जब कार पार्क थी, तब उसकी दोस्त ने कार की पूरी बॉडी पर करीब 3.5 घंटे तक लगातार किस करके लिपस्टिक के लगभग 3,400 निशान बनाए।
1 दिन में मिले 55 लाख व्यूज, फिर पहुंची पुलिस
आदित्य ने इस ‘किसिंग कार’ को सड़क पर तेज रफ्तार में दौड़ाते हुए वीडियो बनाया और इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। यह रील देखते ही देखते इंटरनेट पर छा गई और महज एक दिन में इसे 5.5 मिलियन (55 लाख) से अधिक व्यूज मिल गए। हालांकि, वीडियो में कार की तेज स्पीड और बॉडी पर बने निशान देखकर ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस सतर्क हो गई।
पुलिस स्टेशन में धुली कार, इंस्टाग्राम अकाउंट किया ब्लॉक
ट्रैफिक पुलिस की टीम ने लोकेशन ट्रेस कर कार को थाटीपुर से बरामद किया और थाने ले आई। डीएसपी/थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी के समक्ष पूछताछ में आदित्य ने अपनी गलती स्वीकार की। इसके बाद उसने खुद पानी से कार पर लगे लिपस्टिक के सारे निशान साफ किए। कार्रवाई से घबराकर युवक ने 2,952 फॉलोअर्स वाला अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी ब्लॉक कर दिया।
नियम तोड़ने वालों को पुलिस की चेतावनी
पुलिस ने तेज रफ्तार से वाहन चलाने और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में 5,500 रुपये का जुर्माना लगाया। आदित्य ने भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने और ऐसी गलती न दोहराने का आश्वासन दिया है। वहीं, ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी जारी की है कि सोशल मीडिया कंटेंट या रील्स बनाने के नाम पर सड़क सुरक्षा और नियमों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पंकज शर्मा
