- Advertisement

कांगड़ा फोरलेन पर सड़क हादसा, पशु को बचाने के प्रयास में बाइक सवार बैंक कर्मी की मौ#त
Kangra Accident: कांगड़ा में दौलतपुर के समीप फोरलेन पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। इस दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की जान चली गई है। मृतक की पहचान अभिषेक कुमार निवासी रजियाणा बांध के रूप में हुई है, जो कांगड़ा स्थित आईसीआईसीआई (ICICI) बैंक में कार्यरत थे।
अचानक पशु आने से अनियंत्रित हुई बाइक
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब अभिषेक अपनी बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान दौलतपुर के पास फोरलेन पर अचानक उनकी बाइक के सामने एक पशु आ गया। पशु को बचाने के चक्कर में बाइक तेज रफ्तार होने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क पर ही दूर तक फिसल गई। इस हादसे में अभिषेक को बेहद गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने घायल अभिषेक को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई जारी
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर आगामी औपचारिकताएं शुरू कर दी हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में भी दुर्घटना का कारण अचानक पशु का सामने आना ही बताया जा रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।युवक की अचानक मौत की खबर से रजियाणा बांध क्षेत्र और उनके सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय निवासियों ने फोरलेन पर बेसहारा पशुओं की आवाजाही को लेकर भी चिंता व्यक्त की है।
राहुल कुमार

