-
Advertisement
घोड़े पर सवार हिमाचल का गौरव, घुड़सवारी प्रतियोगिता में सहस्रांश सिंह ने देशभर में मनवाया लोहा
Equestrian Competition: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के होनहार खिलाड़ी सहस्रांश सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। जूनियर नेशनल इक्वेस्ट्रियन चैंपियनशिप–2025 में सहस्रांश सिंह ने टीम इवेंटिंग (Equestrian Eventing) स्पर्धा में रजत पदक जीतकर हिमाचल प्रदेश को गौरवान्वित किया है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 24 दिसंबर 2025 से 6 जनवरी 2026 तक APRC, दिल्ली में आयोजित की गई, जिसमें देशभर से प्रतिभाशाली घुड़सवारों ने भाग लिया। सहस्रांश सिंह के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से खेल प्रेमियों और प्रदेशवासियों में खुशी की लहर है।
ड्रेसेज व्यक्तिगत स्पर्धा में पाया पांचवां स्थान
घुड़सवारी की इवेंटिंग स्पर्धा को सबसे चुनौतीपूर्ण प्रतियोगिताओं में गिना जाता है, जिसमें खिलाड़ियों को ड्रेसेज, शो जंपिंग और क्रॉस कंट्री जैसे कठिन चरणों से गुजरना पड़ता है। सहस्रांश ने ना केवल टीम इवेंटिंग में रजत पदक हासिल किया, बल्कि ड्रेसेज व्यक्तिगत स्पर्धा में पांचवां स्थान प्राप्त कर अपनी बहुआयामी प्रतिभा का भी परिचय दिया।
‘सवाई जयपुर अवार्ड’ से भी सम्मानित है सहस्रांश
गौरतलब है कि सहस्रांश सिंह को इससे पहले वर्ष 2024 में घुड़सवारी खेल में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘सवाई जयपुर अवार्ड’ से भी सम्मानित किया जा चुका है। वर्तमान में वे I दिल्ली R&V स्क्वाड्रन (NCC) का प्रतिनिधित्व करते हुए रिपब्लिक डे परेड–2026 में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जो उनके अनुशासन और समर्पण का प्रमाण है।
प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
सहस्रांश सिंह के पिता हिमाचल प्रदेश में जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत हैं। परिवार, प्रशिक्षकों और खेल संघ ने उनकी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सहस्रांश की यह सफलता न केवल मंडी बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का सपना देखते हैं।
रविंद्र चौधरी
