-
Advertisement
ऊना में पेट्रोल पंप पर चली गोली, कर्मियों ने नाकाम की लूट की वारदात
Himachal Crime: ऊना में अपराध की बढ़ती घटनाओं के बीच एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है,यहां पर आधी रात को पेट्रोल पंप को लूटने की कोशिश की गई। चंडीगढ़-धर्मशाला नेशनल हाईवे पर स्थित बहडाला गांव के एक पेट्रोल पंप पर अज्ञात बदमाशों ने धावा बोलते हुए ना केवल लूटपाट का प्रयास किया, बल्कि दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की। हालांकि पेट्रोल पंप कर्मचारियों की सतर्कता और साहस के चलते यह वारदात नाकाम हो गई और आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।
तीन युवक सीधे कार्यालय में घुसने का प्रयास करने लगे
चंडीगढ़-धर्मशाला नेशनल हाईवे स्थित बहडाला गांव में शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि करीब 1 बजे पेट्रोल पंप पर सफेद रंग की स्कूटी और एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवक पहुंचे और सीधे कार्यालय में घुसने का प्रयास करने लगे। पेट्रोल पंप कर्मचारी दिनेश शर्मा ने बताया कि जब उन्होंने युवकों से अंदर आने का कारण पूछा तो वे टालमटोल करने लगे, जिससे उन्हें शक हुआ। स्थिति भांपते हुए उन्होंने तुरंत अन्य कर्मचारियों को सतर्क किया और आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान बदमाशों ने अपने एक साथी को छुड़ाने के लिए रिवॉल्वर निकालकर हवाई फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज से की जा रही आरोपियों की पहचान
पेट्रोल पंप मालिक विकास भारद्वाज ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। उन्होंने बताया कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पेट्रोल पंप मालिक और कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए हैं तथा सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई अन्य वारदातों को भी इस घटना से जोड़कर देखा जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए प्रभावी रणनीति बनाई जा रही है।
सुनैना जसवाल
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

