-
Advertisement
सोलन में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, आयुर्वेदिक अस्पताल के सामने से हटाईं झुग्गी-झोपड़ियां
Encroachments in Solan: सोलन जिला प्रशासन की शहर के भीतर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में आज जिला आयुर्वेदिक अस्पताल के सामने वर्षों से बनी झुग्गी-झोपड़ियों को हटाया गया। यह कार्रवाई जिला प्रशासन ने रेलवे विभाग के सहयोग से की। बताया जा रहा है कि इस स्थान पर लंबे समय से प्रवासी लोग रह रहे थे, जिनकी संख्या समय के साथ लगातार बढ़ती चली गई।
रात के समय शोर-शराबा और झगड़े करते है लोग
वार्ड नंबर 14 के पार्षद राजीव कोड़ा ने बताया कि शुरुआत में यहां कुछ ही लोग रहते थे, लेकिन धीरे-धीरे पूरी बस्ती बस गई। वर्तमान में यहां करीब 50 झुग्गियां थीं, जिनमें 100 से अधिक लोग रह रहे थे। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों द्वारा कई बार प्रशासन को शिकायतें दी गई थीं। आरोप है कि झुग्गियों में रहने वाले लोग रात के समय शोर-शराबा और झगड़े करते थे, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी होती थी। और शहर के अंदर लगातार चोरी की समस्या भी बनी हुई है कई बार सीसीटीवी फुटेज में भी इन लोगों को चोरी करते हुए देखा गया है।
छोटे बच्चों को भीख मांगने के लिए मजबूर करते थे
पार्षद ने यह भी आरोप लगाया कि झुग्गियों में रहने वाले लोग अपने छोटे बच्चों को भीख मांगने के लिए मजबूर करते थे, जिससे शहरवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इसके अलावा रात के समय कूड़ा जलाने और गंदगी फैलाने से क्षेत्र में अस्वच्छ वातावरण बना हुआ था। स्थानीय महिलाओं ने भी बताया कि कई बार बच्चों पर पथराव की घटनाएं हुई हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर भय बना हुआ था। साथ ही यह बस्ती कालका-शिमला रेलवे लाइन के बेहद करीब थी, जो हादसों का कारण बन सकती थी।
सर्दी भर यहीं रहने की बात कही गई थी
वहीं झुग्गियों में रहने वाली महिलाओं ने प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि वे लंबे समय से यहां रह रहे थे और सर्दियों के बीच अचानक उनके आशियाने तोड़ दिए गए। महिलाओं ने दावा किया कि डीसी मनमोहन शर्मा से बातचीत में उन्हें सर्दी भर यहीं रहने की बात कही गई थी। पार्षद राजीव कोड़ा ने बताया कि प्रभावित लोगों के लिए फिलहाल दो-चार दिनों के लिए रैन बसेरे की व्यवस्था की गई है, इसके बाद उन्हें अपना ठिकाना स्वयं तलाशना होगा।
नरेंद्र
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

