-
Advertisement
सोनू पंजाबन: 12 साल की बच्ची को Drugs दिया फिर ना जाने कितनों को बेचा; हुई 24 साल की जेल
Last Updated on July 22, 2020 by Deepak
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के द्वारका कोर्ट (Dwarka court) ने ह्यूमन ट्रैफिकिंग, किडनैपिंग और रेप केस में सोनू पंजाबन (Sonu Punjabban) और संदीप बेदवाल को क्रमशः 24 और 20 साल की सजा सुनाई है। देश के कई हिस्सों में संगठनात्मक रूप से सेक्स रैकेट चलाने वाली कुख्यात अपराधी सोनू पंजाबन इस समय तिहाड़ जेल में बंद है। सोनू पंजाबन पर कई केस दर्ज हैं, लेकिन पहली बार उसे किसी मामले में दोषी ठहराया गया है। ये पहला मामला है जिसमें सोनू पंजाबन को पोक्सो (POCSO) कोर्ट ने सजा सुनाई है। दरअसल, ये पूरा मामला 12 साल की एक नाबालिग से जुड़ा है।
सोनू पंजाबन का जुर्म ऐसा कि सजा भी है कम
मामला दिल्ली के हरीश विहार थाने का है। एफआईआर के मुताबिक 11 सितंबर 2009 को पीड़ित लड़की का अपहरण किया गया था। लड़की के पिता की तरफ से द्वारका कोर्ट में पेश बर्थ सर्टिफिकेट के अनुसार पीड़ित की जन्म तिथि 9 नवंबर 1996 में थी यानी घटना के वक्त उसकी उम्र महज 12 साल 10 महीने और 2 दिन थी। पीड़िता के बयान के अनुसार सोनू ने उसे ड्रग्स दिया और देह व्यापार के धंधे में इस्तेमाल किया। सोनू पंजाबन 1500 रुपए में उसका सौदा करती थी और लगातार जगह बदलती रहती थी।
यह भी पढ़ें: Haryana: शराब के दो ठेकेदारों की गोली मारकर हत्या; लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे हुए गिरफ्तार
कुछ दिनों बाद सोनू पंजाबन ने भी पीड़ित को लाला अंकल नाम के शख्स के हाथों बेच डाला वो भी उससे देह व्यापार करवाता था, लेकिन उसके बाद भी पीड़ित लड़की को बेचने का सिलसिला नहीं रुका और एक-एक करके कई दलालों को बेचा गया। आखिर में लड़की को रमेश मिश्रा नाम के एक दलाल ने दूसरे दलाल सतपाल को बेच दिया वो भी उससे देह व्यापार करवाता था। सतपाल के भाई राजपाल ने अपने गांव में ले जाकर उसके साथ रेप किया कुछ दिनों बाद सतपाल ने पीड़ित से शादी कर ली जिसके बाद मौका पाकर पीड़ित लड़की 7 फरवरी 2014 को वहां से भाग गई और 9 मई को नजफगढ़ थाने पहुंचकर पुलिस को अपने साथ हुई घटना को बताया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।
पहले भी कसा जाता था शिकंजा लेकिन हो जाती थी आजाद
सोनू पंजाबन के खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए लेकिन वो हर बार बच निकलती थी। पंजाबन को 2007 में प्रीत विहार पुलिस ने और 2008 में साकेत पुलिस ने गिरफ्तार किया था,लेकिन वह जमानत पर बाहर आ गई। इसके बाद 2011 में उसे 4 लड़कियों और 4 लड़कों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि पुलिस कोर्ट में आरोप साबित नहीं कर सकी और वह फिर बरी हो गयी। दिसंबर 2017 में सोनू पंजाबन को एक बार गिरफ्तार किया गया था। इस बार उस आरोप था कि उसने एक केंद्रीय मंत्री को ब्लैकमेल करने की कोशिश की और एक लड़की को 20 लाख रुपए में बेचा। सेक्स रैकट चलानेवाली सोनू पंजाबन के क्लाइंट की लिस्ट में कई बड़े बिजनसमैन शामिल थे। वहीं उसके लिए काम करनेवाली लड़कियों की लिस्ट में कई नई मॉडल्स और ऐक्ट्रेस शामिल थीं।