-
Advertisement
स्पीति घाटी के लोगों को भी मिलेगा 4जी का फायदा, सीएम सुक्खू ने किया वादा
Last Updated on April 14, 2023 by sintu kumar
काजा। राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों की मुश्किलों से परिचित है और उनके दैनिक जीवन को आसान बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। स्पीति घाटी की समस्याओं को दूर करने के लिए स्थानीय विधायक के साथ विचार.विमर्श कर योजनाएं तैयार करके उन्हें लागू किया जाएगा। क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए तकनीक क ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्पीति घाटी तक 4जी सेवाओं का विस्तार कर इससे आर्थिकी को मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। ये बात मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला लाहौल.स्पीति में कही। सीएम तीन दिवसीय दौरे पर स्पीति पहुंचे हैं। सगनम हेलीपैड कुंगरी गोम्पा और ढंखर गोम्पा पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक परिधानों और वाद्य यंत्रों के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।
सीएम ने की प्रदेशवासियों के लिए कामना
मुख्यमंत्री ने घाटी के कुंगरी एवं ढंखर गोम्पा में प्रार्थना की और यहां पर प्रदेशवासियों की सुख.समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पदभार ग्रहण करने के बाद वह पहली बार स्पिति के प्रवास पर आए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए दृढ़ संकल्प है और इस वर्ष हिमाचल दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह काजा में मनाया जा रहा है जिससे क्षेत्र की संस्कृति और यहां के लोगों से जुड़ाव और भी सशक्त होगा। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पूर्व सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन के कारण गर्त में गई अर्थव्यवस्था को पुनः पटरी पर लाने की दिशा में प्रदेश सरकार ठोस कदम उठा रही है।
10 साल में सबसे समृद्ध राज्यों में होगा हिमाचल
सुक्खू ने उम्मीद जताई कि सभी के सहयोग से अगले दस वर्षों में हिमाचल देश के सबसे समृद्ध राज्यों की श्रेणी में शुमार होगा। उन्होंने पुनः दोहराया कि वह सत्ता सुख के लिए नहीं आए हैंए बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए काम कर रहे हैं। इसलिए ही बजट में पात्र विधवा महिलाओं को घर बनाने के लिए डेढ़ लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के साथ.साथ गरीब बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए एक प्रतिशत ब्याज पर एजुकेशन लोन का प्रावधान किया गया है। सौर ऊर्जा को स्वरोजगार से जोड़ते हुए सरकार ने 250 किलोवाट से दो मेगावाट तक सोलर पावर प्रोजेक्ट के लिए 40 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान किया है ताकि युवाओं को आय के साधन मिल सकें। सीएम ने यहां कुंगरी मोनेस्ट्री के लिए 50 लाख रुपए और सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए 50 हजार रुपये देने की घोषणा भी की। स्थानीय विधायक रवि ठाकुर ने पहली बार स्पीति घाटी में पहुंचने पर मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र के तीन दिन के प्रवास और पहली बार यहां राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस के आयोजन के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़े:नौकरियों में स्पोर्टस कोटा 3 से 5 फीसदी होगा, सड़कों के लिए पहली बार मिले 2800 करोड़
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group