- Advertisement -
मंडी। हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर (CM Jairam Thakur) के गृह जिला मंडी में रेहड़ी-फड़ी यूनियन अपनी मांगों को लेकर लामबंद हो गए हैं। मंगलवार को रेहड़ी-फड़ी यूनियन ने सीटू के बैनर तले जिला मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया और नगर निगम कार्यालय का घेराव किया। साथ ही साथ उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी को एक ज्ञापन भी सौंपा।
बता दें कि यूनियन ने जिला प्रशासन और नगर निगम के खिलाफ आंदोलन करने की चेतावनी दी है। रेहड़ी-फड़ी यूनियन का कहना है कि वे कई बार नगर निगम और जिला प्रशासन के समक्ष अपनी मांगों को रख चुके हैं, लेकिन उनकी मांगों को लगातार दरकिनार किया जा रहा है।
रेहड़ी-फड़ी यूनियन जिला प्रधान सुरेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में गठित की गई टाउन बेंडिंग कमेटी की बैठक नियमित तौर पर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना (Corona) महामारी के संकट काल में उनकी रेहड़ियां कई दिनों तक बंद रही, इसी के चलते इसका किराया रेहड़ी-फड़ी धारकों से ना लिया जाए। कुमार ने कहा कि इंदिरा मार्केट (Indira Market) के छत पर सजने वाली संडे मार्केट को अब नगर निगम ने नो वेंडिंग जोन में डाल दिया है। नगर निगम द्वारा रविवार के दिन रेहड़ी-फड़ी धारकों को वहां से हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रेहड़ी-फड़ी धारकों को शहर में संडे मार्केट के लिए अन्य स्थान चिन्हित किया जाए। इसके अलावा लाइसेंस रिन्यू करने की शर्तों को धारकों की सुविधा के अनुसार किया जाए।
बता दें कि मंडी जिला में रेहड़ी-फड़ी के 500 के करीब धारक है। यूनियन का कहना है कि अगर नगर निगम और जिला प्रशासन उनकी मांगों पर जल्द गौर नहीं करता है तो आने वाले समय में वे भूख हड़ताल जैसे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
- Advertisement -