-
Advertisement
Sukhu Politics | Kangra-Chamba | Big Khela |
राज्यसभा चुनाव में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा के बैजनाथ से अनुराग शर्मा को आगे कर कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र की राजनीति में क्षेत्रीय और जातीय दोनों ही तरह का संतुलन साधने का प्रयास किया है। अभी तक बैजनाथ से इंदु गोस्वामी राज्यसभा सदस्य हैं, जिनका टेन्योर पूरा होने जा रहा है। वह ब्राह्मण समुदाय से हैं तो अनुराग भी इसी समुदाय से है। इस संसदीय क्षेत्र से ब्राह्मण समुदाय को मंत्रिमंडल में भी स्थान नहीं मिला है, उसका भी यह तोड़ माना जा रहा है। कांगड़ा जिले की 15 विधानसभा सीटों में से 10 पर कांग्रेस के विधायक हैं। इनमें चौधरी चंद्र कुमार और यादवेंद्र गोमा को पहले ही मंत्री है। चंद्र कुमार ओबीसी वर्ग से आते हैं, जबकि गोमा अनुसूचित जाति समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हैं। इस तरह प्रदेश सरकार इन दोनों वर्गों में संतुलन साधने का प्रयास पहले ही कर चुकी है। अब कांगड़ा में ब्राह्मण समुदाय को भी उचित प्रतिनिधित्व दिया गया है। राजनीतिक दृष्टि से कांगड़ा.चंबा लोकसभा क्षेत्र काफी अहम माना जाता है। कांगड़ा की 15 में से 13 विधानसभा सीटें और चंबा की पांच में से चार सीटें इसी संसदीय क्षेत्र में आती हैं, जिसमें ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या अच्छी खासी है।

