-
Advertisement
सुक्खू : बीजेपी सरकार ने HRTC के ड्राइवर-कंडक्टरों का ओवरटाइम नहीं दिया
Last Updated on June 14, 2023 by sintu kumar
शिमला। हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) की आर्थिक स्थिति (Poor Economic Condition) और विशेषरूप से एचआरटीसी कर्मचारियों के वेतन में देरी को लेकर बीजेपी नेताओं (BJP Leaders) के लगातार हमले का राज्य के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu) ने बुधवार को दो-टूक जवाब दिया है। सीएम ने पलटवार करते हुए कहा कि HRTC के कर्मचारियों को जल्दी ही वेतन मिलेगा। सरकार व्यवस्था ठीक करने में जुटी हुई है। बीजेपी को इस बात का भी जवाब देना चाहिए कि उनकी सरकार ने अपने कार्यकाल में आखिर ड्राइवर-कंडक्टरों (HRTC Driver Conductors) को तीन साल का ओवरटाइम (Overtime) क्यों नहीं दिया? सुक्खू ने कहा कि उन्होंने सत्ता में आने के बाद कर्मचारियों का आधा ओवर टाइम दे दिया है। बचा हुआ ओवर टाइम भी सरकार जल्द देगी।
सुक्खू ने कहा कि उन्हें सुबह से ही दिल्ली के बड़े पत्रकारों के फोन आ रहे हैं। वे HRTC कर्मचारियों के वेतन के बारे में सवाल पूछ रहे हैं। सीएम ने कहा कि उनकी सरकार के खिलाफ साजिश की जा रही है। कुछ लोग उनकी सरकार को बदनाम करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि HRTC के कर्मचारी निगम के तहत आते हैं, जबकि सरकार के तहत आने वाला कोई भी ऐसा कर्मचारी नहीं है जिसका वेतन अब तक नहीं दिया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि उनकी सरकार हिमाचल की अर्थव्यवस्था को ठीक करने का काम कर रही है।
10 साल में सबसे अमीर राज्य होगा हिमाचल
आने वाले पांच साल में अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाया जाएगा और 10 साल के अंदर हिमाचल प्रदेश पूरे देश का सबसे अमीर और समृद्ध राज्य (Richest State) बन कर उभरेगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सालों से हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों को हर महीने की 15 तारीख के बाद ही तनख्वाह मिलती आई है। जल्द ही इस महीने की तनख्वाह भी दे दी जाएगी। कर्मचारियों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
यह भी पढ़े:6 माह में नाबार्ड से 336 करोड़ रुपए की 62 सड़कें स्वीकृत: मुख्यमंत्री