-
Advertisement
CM सुक्खू का विपक्ष पर तीखा हमला : ‘श्वेत पत्र’ से खुलेगी पोल, विजिलेंस जांच पर बोले- सरकार बदले की भावना से नहीं कर रही काम
CM Sukhvinder Singh Sukhu: पूर्व पीएम स्वर्गीय राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर शिमला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कैबिनेट सहयोगियों संग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। राजीव गांधी के लोकतंत्र और आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान को याद करते हुए सीएम ने सद्भावना दिवस का संदेश दिया। इस दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए सीएम ने विपक्ष पर तीखे प्रहार किए और स्पष्ट किया कि प्रदेश की संपदा को नुकसान पहुंचाने या लूटने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
बीजेपी पर सुक्खू का करारा हमला, विपक्ष को दी नसीहत
सीएम ने कहा कि सरकार किसी भी तरह के राजनीतिक द्वेष या बदले की भावना से काम नहीं कर रही है, बल्कि कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आगामी मानसून सत्र का जिक्र करते हुए विपक्ष को पूरी तैयारी और तथ्यों के साथ सदन में आने की सलाह दी। सुक्खू ने कहा कि 20 वर्षों में पहली बार 10 दिनों का लंबा सत्र बुलाया गया है। सरकार जल्द ही एक ‘श्वेत पत्र’ (White Paper) जारी करेगी, जिससे जनता के सामने पूरी सच्चाई आ जाएगी कि किसने प्रदेश की संपदा को नुकसान पहुंचाया।
डॉ. जनक राज विजिलेंस जांच और फर्जीवाड़े पर घेरा
बीजेपी विधायक डॉ. जनक राज पर चल रही विजिलेंस जांच का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि जब वे आईजीएमसी (IGMC) में मेडिकल सुपरिंटेंडेंट थे, उस दौरान पुरुषों की बच्चेदानी के ऑपरेशन तक के मामले सामने आए थे। उन्होंने विधायक से जांच में सहयोग करने और तथ्य पेश करने को कहा।
पेपर लीक मामले और नौकरियों पर बड़ा फैसला
सीएम सुक्खू ने बीजेपी कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब पूर्व सरकार में पेपर लीक हो रहे थे, तब कार्रवाई क्यों नहीं हुई? उनकी सरकार ने दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा है और वर्तमान कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। उन्होंने घोषणा की कि शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्रों में आउटसोर्स व्यवस्था को खत्म किया जाएगा।पब्लिक सर्विस कमीशन की भर्तियों में पहली बार लिखित परीक्षा के अंक जोड़ने का ऐतिहासिक फैसला लिया गया है ।पारदर्शी व्यवस्था से नौकरियों में सिफारिश का दौर पूरी तरह समाप्त हो चुका है।
राजीव गांधी के विजन और कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र
सीएम ने कहा कि 18 वर्ष के युवाओं को मताधिकार और महिलाओं को 33% आरक्षण देना राजीव गांधी की ही देन है। उनकी सोच को आगे बढ़ाते हुए राज्य में 68 ‘राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल’ तैयार किए जा रहे हैं।’राजीव गांधी प्राकृतिक खेती योजना’ के तहत किसानों को एमएसपी (MSP) दी जा रही है।हमीरपुर में उत्तर भारत की पहली आधुनिक टेस्टिंग लैब स्थापित की गई है।
फेक न्यूज, बीबीएमबी और दिल्ली दौरा
सोशल मीडिया पर नकारात्मक खबरें फैलाने वाले भाजपा प्रायोजित तत्वों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि झूठ फैलाकर माहौल दूषित करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।इसके अलावा, बीबीएमबी (BBMB) मामले पर बोलते हुए सुक्खू ने उम्मीद जताई कि वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल अदालत में हिमाचल का पक्ष मजबूती से रखेंगे। यदि फैसला राज्य के हक में आता है, तो हिमाचल को हर साल लगभग ₹500 करोड़ की अतिरिक्त आय होगी। मानसून सत्र के समापन के बाद सीएम दिल्ली जाकर केंद्र सरकार के समक्ष हिमाचल के अधिकारों और वित्तीय हक के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे।
संजू चौधरी
