-
Advertisement
फतेहपुर व देहरा में भरे जाएंगे आंगनबाड़ी सहायिकाओं के पद, यहां देखें पूरा ब्योरा
कांगड़ा जिला के फतेहपुर व देहरा में आंगनबाड़ी सहायिकाओं के पद भरे जाने हैं। इनमें फतेहपुर में 10 व देहरा में तीन पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारियों की ओर से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। बाल विकास परियोजना अधिकारी नूरपुर के कार्यक्षेत्र के तहत फतेहपुर उपमंडल में आंगनबाड़ी सहायिका के 10 खाली पदों को भरने के लिए महिला उम्मीदवारों से 8 फरवरी, 2023 तक आवेदन आमंत्रित किए हैं। बाल विकास परियोजना अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि बतराहन पंचायत के तहत आंगनबाड़ी केंद्र दरभूली, तथा पंजरोड़, गोलवां पंचायत के गोलवां-एक तथा खेहर पंचायत के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र सकोह, कुतकाना, खेहर व कुठडल-एक के अलावा पंचायत लहरूं के लहरूं-एक, पंचायत रैहन -2 के आंगनबाड़ी केंद्र रैहन-3 तथा नेरना पंचायत के झाझवां स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पद को साक्षात्कार के माध्यम से भरा जाएगा।संबंधित पंचायत के वार्ड की इच्छुक पात्र महिला उम्मीदवार सादे कागज पर अपने आवेदन पत्र 8 फरवरी, 2023 सायं 5 बजे तक सभी प्रमाण पत्रों की सत्यापित प्रतियों सहित बाल विकास परियोजना,नूरपुर के कार्यालय में जमा करवा सकती हैं। आवेदन पत्र में अपना या परिवार के सदस्य का फोन नंबर लिखना जरूरी है। इन पदों के लिए पात्र अभ्यर्थियों को साक्षात्कार की निर्धारित तिथि बारे बाद में सूचित कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- Jobs News: CRPF में 1458 पदों पर भर्ती, जल्द करें आवेदन- तीन दिन ही बचे हैं शेष
उन्होंने बताया कि इस पद के लिए उम्मीदवार की आयु 21 से 45 वर्ष होनी चाहिए। आंगनबाड़ी सहायिका के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास होना अनिवार्य है। उनकी परिवार की वार्षिक आय समस्त स्त्रोतों से 35 हज़ार रुपए से कम होनी चाहिए। इन पदों के बारे में कोई भी आवेदक या व्यक्ति अधिक जानकारी के लिए अपनी सम्बंधित पंचायत के अलावा बाल विकास परियोजना अधिकारी, नूरपुर के कार्यालय, कमरा नंबर 309, मिनी सचिवालय अथवा उनके दूरभाष नंबर 01893-221173 पर संपर्क कर सकता है।
देहरा में भरे जाएंगे तीन पद
बाल विकास परियोजना देहरा के अंतर्गत आंगनबाड़ी सहायिका के 03 पद भरे जाएंगे। ग्राम पंचायत कमलोटा के कमलोटा केन्द्र , हरोडी के बाह केंद्र और बदोली के डोल केंद्र में सहायिका के एक-एक पद भरे जाएंगे। बाल विकास परियोजना अधिकारी देहरा ने बताया कि रिक्त पदों को भरने के लिए पात्र उम्मीदवार अपने संपूर्ण दस्तावेजों सहित अपना प्रार्थना पत्र सादे कागज पर बाल विकास परियोजना अधिकारी देहरा के कार्यालय में 16 फरवरी 2023 तक जमा करवा सकते हैं। उक्त पदों के लिए 17 फरवरी 2023 को प्रातः 10 बजे साक्षात्कार का आयोजन एसडीएम ज्वालामुखी के कार्यालय में निश्चित किया गया है। उन्होंने बताया कि केवल महिला उम्मीदवार ही आवेदन करने के लिए पात्र होंगी और उनकी आयु 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उम्मीदवार उसी आंगनबाड़ी केंद्र के सर्वे क्षेत्र की स्थाई निवासी हो। आंगनबाड़ी सहायिका के लिए आठवीं पास होना अति आवश्यक है। उम्मीदवार की समस्त साधनों से वार्षिक आय 35 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आंगनबाड़ी सहायिका को 4700 रुपए मासिक मानदेय दिया जाएगा। उम्मीदवार अधिक जानकारी के लिए संबंधित पर्यवेक्षक या बाल विकास परियोजना अधिकारी देहरा कार्यालय दूरभाष न. 01970234096, 9418374454 पर संपर्क कर सकते हैं।

