-
Advertisement
खिड़की की ग्रिल तोड़कर घर में घुसे चोर, लाखों के गहनों और कैश पर किया हाथ साफ़
Mandi News : सुंदरनगर । मंडी जिला के सुंदरनगर (Sundernagr) उपमंडल में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं, पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद इन पर लगाम लगाना मुश्किल होता जा रहा है। ताजा मामले में पुलिस थाना सुंदरनगर के तहत जरल गांव में चोरों ने एक घर में सेंध लगाकर लाखों रुपए के सोना चांदी के साथ कैश (Cash) पर हाथ साफ़ कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस (Police) मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
5 लाख 70 हजार के गहने और 11 हजार गायब
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत जुगाहन के जरल गांव में प्रेम चौधरी के घर पर चोरों ने देर रात सेंध लगा लाखों रुपए का सोना और चांदी पर हाथ साफ कर दिया। यहां के निवासी प्रेम चौधरी की पत्नी रात को घर पर अकेली थी और परिवार के अन्य सदस्य किसी कार्य से बाहर गए हुए थे। जब प्रेम चौधरी की पत्नी सुबह 4:30 बजे उठी तो कमरे का दरवाजा अंदर से लॉक पाया गया। बाहर आकर देखा तो कमरे की ग्रिल (Grill) उखड़ी पड़ी थी और अंदर रखा पूरा सामान बिखरा पड़ा था। जब मामले की जांच की गई तो अलमारी (wardrobe) में रखे करीब 5 लाख 70 हजार रुपए के गहने और 11 हजार रुपए की नगदी गायब पाई गई। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा चोर को पकड़ने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज (CCTV Footage) को खंगाला जा रहा है। मामले की पुष्टि डीएसपी सुंदरनगर (DSP Sundernagar) भारत भूषण ने की है।
नितेश सैनी

