-
Advertisement
Rampur में आग में झुलसी महिला, मंडी में दाह संस्कार की लकड़ी काटते हुआ हादसा, तीन की मौत
Last Updated on February 1, 2021 by Vishal Rana
रामपुर/ मंडी /संगड़ाह। हिमाचल प्रदेश में तीन अलग अलग घटनाओं में महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई है। राजधानी शिमला के रामपुर (Rampur) में जंगल की आग में दो महिलाएं झुलस गई, जिसमें एक की मौत हो गई। वहीं सिरमौर जिला के संगड़ाह में एक युवक की गिरने से मौत हुई है। यह युवक तीन दिन पहले गिरा था और गंभीर रूप से घायल हुआ था। जिसकी आज उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि जिला मंडी (Mandi) के गोहर में दाह संस्कार के लिए लकड़ी काट रहा युवक पेड़ की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
आग में झुलसी महिला ने आईजीएमसी में तोड़ा दम
पहला मामला राजधानी शिमला के रामपुर बुशहर का है। यहां शिंगला क्षेत्र के उरु गांव में घासनी में आग (Fire) लग गई थी, जिसे गांव की दो महिलाएं बुझाने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान महिला इसकी चपेट में आ गईं और बुरी तरह से झुलस गईं। घायल महिलाओं को उपचार के लिए खनेरी अस्पताल (Hospital) लाया गया। जहां एक महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईजीएमसी रेफर कर दिया। लेकिन महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं दूसरी महिला का उपचार खनेरी अस्पताल में चल रहा है। मृतक महिला की पहचान 60 वर्षीय कृष्णा देवी पत्नी खेमचंद गांव उरू के रूप में हुई है। वहीं, घायल महिला की पहचान चंपा देवी पत्नी मोहनलाल गांव उरू के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: Black Sunday: हिमाचल में 15 ने तोड़ा दम, सिरमौर में मजदूर पर गिरा पिघला लोहा
दाह संस्कार के लिए लकड़ी काट रहे युवक पर गिरा पेड़, मौत
हिमाचल प्रदेश के मंडी (Mandi) जिला में दाह संस्कार की लकड़ी काटते समय पेड़ की चपेट मंे आने से युवक की मौत हो गई है। मामला सराज की ग्राम पंचायत शरण के गांव सिपन चलौंण का है। पेड़ को दाह संस्कार के लिए काटा जा रहा था। मृतक युवक की पहचान चतर सिंह पुत्र भगतराम निवासी सिपन चलौंण, थुनाग के रूप में हुई है। युवक हाल ही में जलशक्ति विभाग में जलरक्षक तैनात हुआ था। बताया जा रहा है कि सोमवार को गांव के एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके दाह संस्कार के लिए गांव के लोग श्मशानघाट के पास जंगल में एक सूखा पेड़ काटने लगे। इसी बीच गांव का युवक चतर सिंह पर पेड़ गिर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना के संबंध में परिजनों को सूचित किया। पुलिस को भी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। एसएचओ गोपाल चंद ने बताया कि पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
संगड़ाह में गिरने से युवक की मौत
सिरमौर (Sirmaur) जिला के उपमंडल संगड़ाह के अंतर्गत आने वाले गांव घाटों के 29 वर्षीय युवक की चंडीगढ़ के एक अस्पताल में मौत हो गई है। यह युवक तीन दिन पहले पांव फिसलने से गिर गया था और बुरी तरह से घायल हो गया था। जिसके बाद युवक को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ रेफर किया गया था। युवक ने आज तीसरे दिन इलाज के दौरान मौत हो गई है। वहीं पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन ने मृतक के परिजनों को 20 हजार की राहत राशि जारी की है।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page