-
Advertisement
Tourist | Himachal | Lahaul Spiti |
हिमाचल प्रदेश में बदले मौसम के बीच सात साल बाद पहाड़ों पर अक्टूबर के पहले हफ्ते में बर्फबारी दर्ज हुई है। चार दिनों से राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। लाहौल-स्पीति, कुल्लू और चंबा के ऊंचे इलाकों में बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है। कड़ाके की ठंड से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। बर्फबारी से कुल्लू से लेकर लाहौल-स्पीति तक की पहाड़ियां सफेद हो गई हैं। जलोड़ी दर्रा में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। वश लेउ जोत सफेद हो गई है। बुधवार को तीसरे दिन भी रुक-रुक बर्फबारी का दौर जारी रहा। बर्फ से बंद मनाली-लेह मार्ग से अटल टनल रोहतांग से लेकर सिस्सू तक सड़क से बर्फ को स्नो कटर से हटाया गया और फोर बाई फोर वाहनों की आवाजाही जारी रही। वहीं, मनाली से बड़ी संख्या में पर्यटक अटल टनल और सिस्सू पहुंचे और खूब मस्ती की। लाहौल में असामयिक बर्फबारी से सेब से लदे पेड़ों को भारी नुकसान हुआ है। कई जगहों पर सेब के बगीचों में टहनियां टूट गईं और फल भी गिर रहे हैं। बागवानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें पड़ गई हैं।

