- Advertisement

चंबा में दर्दनाक हादसा: गहरी ढांक में गिरने से पति-पत्नी की मौत; बेसहारा हुए दो मासूम और लाचार बुजुर्ग
Chamba Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की धरवाला उपतहसील के लिल्ह क्षेत्र से एक अत्यंत हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ गुरुवार को रास्ते में संतुलन बिगड़ने के कारण एक दंपति गहरी ढांक (खाई) में गिर गया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने जहाँ दो मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया छीन लिया है, वहीं एक लाचार बुजुर्ग माता-पिता के बुढ़ापे की लाठी भी तोड़ दी है।
रिश्तेदार के घर जा रहे थे पति-पत्नी
मृतकों की पहचान ग्राम पंचायत दाडवी के उआ गांव निवासी गोरख (33 वर्ष) और उनकी पत्नी सुषमा देवी (26 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों लिल्ह क्षेत्र के कलमला गांव में अपने एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे। रास्ते में पैदल चलते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे गहरी ढांक में जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस-प्रशासन को सूचित किया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: दोनों टांगें गंवा चुके हैं पिता
यह हादसा इस परिवार के लिए किसी वज्रपात से कम नहीं है। मृतक गोरख अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और मजदूरी करके पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था। गोरख के पिता एक गंभीर बीमारी के कारण अपनी दोनों टांगें गंवा चुके हैं। बुजुर्ग माता-पिता पूरी तरह से अपने इस इकलौते बेटे पर ही निर्भर थे, लेकिन अब उनके बुढ़ापे का एकमात्र सहारा छिन गया है। इस हादसे में दंपति के दो छोटे बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हमेशा के लिए अनाथ हो गए हैं। इस हृदयविदारक घटना के बाद से उआ गांव, पंचायत दाडवी और आसपास के पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है।
स्वास्थ्य व्यवस्था की लाचारी: अस्पताल में शव गृह तक नहीं
हादसे के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) चूड़ी पहुंचाया। लेकिन यहाँ स्थानीय स्वास्थ्य सिस्टम की एक बड़ी कमी और लाचारी देखने को मिली। अस्पताल में शव गृह (Mortuary) की सुविधा न होने के कारण दोनों शवों को रात में ही मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर करना पड़ा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई के साथ हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार के लिए प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।
राहुल कुमार
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

