-
Advertisement
रोहड़ू में दर्दनाक हादसा: पब्बर नदी में नहाने उतरे दो छात्र डू#बे,पुलिस-प्रशासन व NDRF का सर्च ऑपरेशन
Himachal News: शिमला जिले के रोहड़ू में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां पब्बर नदी में नहाने उतरे दो 16 वर्षीय छात्र गहरे पानी में बह गए। हादसे के बाद से ही दोनों किशोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। स्थानीय पुलिस, प्रशासन और शिमला से बुलाई गई NDRF की टीम नदी में व्यापक खोज अभियान चला रही है।इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्कूल से लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बॉयज) रोहड़ू के छात्र शिवेन रोशन (16 वर्ष) पुत्र शिशु पाल, निवासी करासा व सक्षम (16 वर्ष) त्र राजदेव, निवासी बनोटी स्कूल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दोनों छात्र पब्बर नदी किनारे नहाने चले गए और पानी के तेज बहाव व गहराई का अंदाजा न होने के कारण डूब गए। साथ मौजूद साथी स्कूली बच्चों ने घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय लोगों और प्रशासन को दी।
NDRF की टीम मौके पर तैनात
सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मंगलवार शाम को ही मौके पर पहुंच गई थीं, लेकिन रात के अंधेरे की वजह से बचाव कार्य रोकना पड़ा। नदी किनारे दोनों छात्रों के कपड़े और जूते बरामद हुए हैं।बुधवार सुबह से फिर से सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। स्थानीय प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य के लिए शिमला से NDRF की विशेष टीम बुलाई है, जो नदी के गहरे हिस्सों में दोनों की तलाश कर रही है।SDM रोहड़ू धर्मेश रामोत्रा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया, “दोनों किशोरों की तलाश लगातार जारी है। शिमला से NDRF की टीम को भी बुलाया गया है और नदी के अलग-अलग हिस्सों में गहनता से खोजबीन की जा रही है।”
अनु गुप्ता
.
