-
Advertisement
Trifalghat | Chitta | Beaten
मंडी और बिलासपुर जिला की सीमा पर स्थित त्रिफालघाट क्षेत्र के समीप ग्रामीणों ने चिट्टा सेवन करते हुए तीन युवकों को पकड़ा। इसके बाद उनकी डंडों से जमकर पिटाई की गई। इस दौरान एक युवक के कपड़े तक उतार दिए गए। इससे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ग्रामीण युवकों से पूछताछ करते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान एक युवक यह स्वीकार करता सुनाई दे रहा है कि उसने 500-500 रुपए के हिसाब से 16 पुड़ियां बेची हैं। वीडियो में युवक कुछ अन्य लोगों के नाम भी लेता दिखाई देता है, जिनमें मंडी जिले के कुछ युवाओं के नाम बताए जा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर लोगों में भारी रोष है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इलाके में नशे की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर नशा कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

