-
Advertisement
शिमला के ढली में हादसाः पिकअप पर पलटा बेकाबू ट्रक, दो की गई जान
सेब सीजन के बीच ऊपरी शिमला में हो रहे हादसे चिंताजनक है। शिमला के ढली में आज सुबह सेब से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पिकअप पर पलट गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए है। इतना ही नहीं सेब से लदे ट्रक की चपेट में आने से तीन से चार गाड़ियों को भी नुकसान हुआ है।
यह हादसा शिमला-किन्नौर नेशनल हाईवे पर हुआ। ट्रक सेब लेकर शिमला की ओर आ रहा था।
बताया जा रहा है कि यह बेकाबू ट्रक मशोबरा रोड पर चलती पिकअप पर पलट गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। ट्रक चालक और परिचालक को गंभीर चोटे आई। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, पिकअप चालक को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से निकाला गया। इस हादसे के बाद मशोबरा सड़क पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है। इसके बाद पुलिस ने सुन्नी, तत्तापानी, अलसिंडी व करसोग की बसें वाया घणाहट्टी डायवर्ट कर दी है। जाहिर है इससे पहले गत सायं ठियोग- हाटकोटी मार्ग पर छैला के पास एक बेकाबू ट्राले की चपेट में आने से 2 लोगों की मौत हो गई थी और तीन गाड़ियों को नुकसान हुआ था।

डीएसपी अजय भारद्वाज ने बताया कि फिलहाल यातायात को खोल दिया गया है और ट्रक में चालक समेत तीन लोग सवार थे जिनमें से 2 लोगों की मृत्यु हो गई है जबकि ट्रक चालक घायल हुआ है जिसका आईजीएमसी में उपचार चल रहा है वही पिकअप चालक भी बुरी तरह से घायल हुआ है उसे भी आईजीएमसी उपचार के लिए भेजा गया है । फिलहाल हादसे के कारणों की जांच चल रही है।
