-
Advertisement
हिमाचल: कुल्लू में युवती हेरोइन की सप्लाई करती धरी, ऊना में चिट्टे संग युवक पकड़ा
कुल्लू /ऊना। हिमाचल में नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है। ताजा मामले ऊना (Una) और कुल्लू जिला से सामने आए हैं। यहां एक युवती और युवक नशे की खेप के साथ पकड़े गए हैं। पहला मामला कुल्लू जिले के प्रवेश द्वार बजौरा से सामने आया है। यहां हेरोइन की तस्करी कर रही युवती को पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया है। युवती पतलीकूहल इलाके की रहने वाली है और बजौरा में किसी व्यक्ति को हेरोइन सप्लाई करने के लिए पहुंची थी। बताया जा रहा है कि कुल्लू (Kullu) पुलिस की विशेष टीम को सूचना मिली कि एक युवती दिल्ली से हेरोइन खरीद करके लाई है और बजौरा में किसी व्यक्ति को यह खेप सौंपेगी। पुलिस ने योजना बद्ध तरीके से नाकाबन्दी करके युवती को बजौरा में धर दबोचा। युवती के पास एक बैग बरामद हुआ। बैग की तलाशी नियमानुसार स्थानीय गवाहों व महिला आरक्षी की उपस्थिति में ली गई। जिसमें मिली सूचना के आधार 20 ग्राम हेरोइन (Heroin) बरामद हुई। एसपी कुल्लू गुरदेव शर्मा ने बताया कि युवती को गिरफ्तार कर लिया गया और अब हेरोइन तस्करी के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी युवती पर नशा तस्करी का मामला दर्ज हो चुका है।
यह भी पढ़ें:हिमाचल: कार में चरस की खेप लेकर जा रहे युवक गिरफ्तार, ऐसे हुआ पर्दाफाश
वहीं, दुसरा मामला गगरेट-मुबारकपुर सड़क मार्ग पर शिवबाड़ी के समीप सामने आया। यहां गगरेट पुलिस (Gagret Police) ने एक युवक से चिट्टा (हेरोइन) बरामद करने में सफलता हासिल की है। गगरेट पुलिस ने शिवबाड़ी के समीप नाका लगाया हुआ था। उस समय कलोह गांव का सुमित कुमार बाइक पर वहां से गुजर रहा था। पुलिस को देखकर वह घबरा गया और बाइक भगाने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने उसे पकड़ कर जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 2.58 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। एसपी अर्जितसेन ठाकुर ने बताया कि गगरेट पुलिस ने उक्त युवक के खिलाफ मादक द्रव्य पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मादक द्रव्य पदार्थ कहां से आया इसका पता लगाने के लिए गगरेट पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर उसका पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group…

