- Advertisement

ऊना में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौ#त के बाद हंगामा, प्रताड़ित और मारपीट करने के आरोप
Himachal News: ऊना के चताड़ा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई। मृतका की पहचान सीमा देवी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद से प्रताड़ना का आरोप
पंजाब के नंगल की रहने वाली सीमा देवी की शादी साल 2017 में चताड़ा निवासी अश्विनी कुमार के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही सीमा को दहेज के लिए लगातार तंग किया जाता था। मृतका के परिजन सुमनजीत ने बताया कि सीमा परिवार की बदनामी के डर से लंबे समय तक चुप रही और सब कुछ सहती रही। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट करते थे और लगातार और दहेज की मांग कर रहे थे।
कार देने के बाद भी बुलेट की मांग, डंडों से पिटाई का आरोप
मायके पक्ष के एक अन्य सदस्य परमजीत ने आरोप लगाया कि शादी में कार दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद ससुराल वाले बाद में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सीमा को डंडों से पीटा गया और उसका गला भी दबाया गया था। उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके कारण ही उसकी जान गई है। परिजनों ने पुलिस से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इलाज के दौरान तोड़ा दम, अस्पताल में आपस में भिड़े दोनों पक्ष
बताया जा रहा है कि 7 जुलाई को सीमा ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल लिया था। तबीयत बिगड़ने पर उसे पहले एक निजी अस्पताल और फिर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान बुधवार को उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में मायके और ससुराल पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए, जिससे वहां कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने बीच-बचाव कर माहौल को शांत कराया।
क्या कहती है पुलिस?
एसपी सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है। मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है।
सुनैना जसवाल

